चलते-चलते-- ज्यादा बारिश होने के बाद भी सूख रहीं नदियां
- अमेरिका की पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी ने किया शोध - 10 हजार से

- 10 फीसदी से ज्यादा नदियों का बहाव तेज बारिश के बाद भी घटा
पेंसिल्वेनिया, एजेंसी। ऐसा माना जाता है कि अगर किसी इलाके में बारिश और बर्फबारी ज्यादा होगी तो वहां की नदियों में भी पानी बढ़ेगा। अब एक नए अध्ययन में सामने आया है कि ऐसा हमेशा नहीं होता। पहले की तुलना में ज्यादा बारिश और बर्फबारी होने के बाद भी नदियों में बहने वाले पानी की मात्रा कम हो रही है।
अध्ययन का विवरण
अमेरिका की पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 1951 से 2020 के बीच दुनिया के 10 हजार से ज्यादा नदी स्रोतों में बारिश और नदी के बहाव से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने पाया कि करीब एक-तिहाई नदियों में बारिश या बर्फबारी में हुए बदलाव और नदी में पानी के बहाव के बीच सीधा संबंध नहीं था।
जलवायु चक्र का प्रभाव
अध्ययन के मुताबिक, आज 10 फीसदी से ज्यादा नदियों का बहाव तेज बारिश के बाद भी घट गया है। शोधकर्ताओं के मुताबिक इसकी एक बड़ी वजह बदलता जलवायु चक्र है। तापमान बढ़ने के साथ पानी के चक्र में बदलाव हो रहा है। कुछ जगहों पर बारिश बहुत तेज और कम समय में होने लगी है, जबकि दूसरी जगहों पर सूखे की स्थिति बढ़ रही है। तेज बारिश का पानी कई बार जमीन में ठीक से नहीं समा पाता और तेजी से बहकर दूसरी जगह चला जाता है। वहीं, बढ़ते तापमान के कारण वाष्पीकरण भी ज्यादा हो सकता है, जिससे पानी का कुछ हिस्सा वातावरण में वापस चला जाता है।
अन्य कारक
नदी में पहुंचने वाले पानी पर मिट्टी, पेड़-पौधों, जमीन की नमी और भूमिगत पानी जैसे कई दूसरे कारकों का भी असर पड़ता है। इसलिए केवल बारिश का आंकड़ा देखकर यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि आने वाले समय में किसी नदी में कितना पानी रहेगा।
शोधकर्ताओं का कहना है कि नदियां और मीठे पानी की झीलें इंसानों के लिए बेहद अहम हैं। दुनिया के बड़े शहर अपनी करीब 80 फीसदी पानी की जरूरत इन्हीं से पूरी करत हैं। भविष्य में यह भी देखना होगा कि बारिश का कितना पानी नदी तक पहुंचा और नदी का बहाव समय के साथ किस तरह बदल रहा है।
हिमालयी क्षेत्रों पर प्रभाव
शोध में सामने आया कि बारिश और बर्फ पिघलने से पानी मिल तो ज्यादा रहा है, लेकिन उसका पूरा पानी नदियों तक नहीं पहुंच रहा है। पानी का बड़ा हिस्सा मिट्टी, पेड़-पौधों और जमीन के नीचे रुक जा रहा है। इसका एक कारण हिमालय में बढ़ती गर्मी है। मिट्टी ज्यादा सूख रही है जिससे वह पानी का ज्यादा हिस्सा सोख लेती है। कई हिस्सों में पेड़-पौधों की वृद्धि बढ़ रही है। कुछ पानी भाप बनकर हवा में चला जाता है।
तेज़ बारिश का जटिल पैटर्न
दुनिया के करीब 27 फीसदी अध्ययन स्थलों पर बारिश और नदी के पानी में भिन्नता दिखी। कहीं बारिश कम हुई फिर भी नदी में पानी बढ़ा। कुछ जगह बारिश बढ़ी, लेकिन नदी में पानी घट गया। इसका एक बड़ा कारण बारिश का तरीका बदलना है। अगर बहुत तेज बारिश थोड़े समय में होती है, तो जमीन उतना पानी सोख नहीं पाती और पानी तेजी से बह जाता है। दूसरी तरफ बहुत हल्की बारिश होने पर पानी नदी तक पहुंचने से पहले ही मिट्टी, पौधों और वाष्पीकरण में खत्म हो जाता है।

