रेड रिबन क्विज जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खुशी व अनुराग ने मारी बाजी
सीवान के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सादिकपुर कन्या के छात्रों ने रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। खुशी कुमारी और अनुराग कुमार की टीम ने अपने ज्ञान से विजय प्राप्त की। अब ये छात्र पटना में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के पचरुखी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सादिकपुर कन्या के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम फहराया बिहार सरकार व बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता के जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 11 वीं की छात्रा खुशी कुमारी व कक्षा 10 वीं के छात्र अनुराग कुमार की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रतियोगिता का आयोजन
शहर के वीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें खुशी व अनुराग ने अपने ज्ञान व त्वरित बौद्धिक क्षमता के बल पर पहला स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ ही दोनों विजेता छात्र पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता व प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।
शिक्षकों का योगदान
प्रतियोगिता स्थल पर छात्रों का सफल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व विद्यालय के शिक्षक अशोक कुमार यादव ने किया, जो छात्रों को प्रतियोगिता में शाामिल कराने ले गए थे। बहरहाल, प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर विद्यालय लौटने पर दोनों मेधावी छात्रों के सम्मान में विद्यालय परिसर मे भव्य कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया।
सम्मान समारोह
प्रधानाध्यापिका प्रमिला सिंह ने खुशी कुमारी व अनुराग कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन द्वारा दोनों विजेताओं को सम्मानित किया गया, साथ ही पटना में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए और भी बेहतर ढंग से विशेष तैयारी कराने की घोषणा की गई। सम्मान समारोह में शिक्षक गुरुचरण शर्मा, दिनेश कुमार साह, अमित कुमार रंजन, मुन्ना कुमार, मोहम्मद अदनान, सौरभ, अमित कुमार चौबे, दिवाकर प्रसाद, आरती बलेचा, सोनी कुमारी, मीनाक्षी रावत, श्याम कुमारी, प्रियंका कुमारी व अरूसा परवीन समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


