पर्यावरण और नदी संरक्षण को लेकर विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
शामली के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने पर्यावरण और नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकाली। इस दौरान, विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को नदियों की स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया। विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रधानाध्यापक ने नदियों के संरक्षण की जिम्मेदारी की बात कही।

शामली। जिला गंगा समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर कंपोजिट (संविलियन) उच्च प्राथमिक विद्यालय म्यानकस्बा के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के लिए रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को नदियों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा जनसहभागिता का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में शिक्षकों के निर्देशन में पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं गंगा दौड़ का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दोहराया। प्रधानाध्यापक एवं उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, जनपद शामली के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तथा ब्लॉक अध्यक्ष ऊन अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि नदियों और पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस अवसर पर ललिता चौहान, डॉ. पारुल, पूनम, पूजा चौधरी, अरविंद कुमार, संगील कुमार, राजेंद्र कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


