उदासीनता से नाराज छात्रों का शव बनकर प्रदर्शन
वाराणसी में बीएचयू के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के विरोध में शव बनकर प्रदर्शन किया। एबीवीपी ने अनिश्चितकालीन धरने के दसवें दिन यह अनूठा विरोध जताया। छात्रों ने प्रशासन पर सुरक्षा और अन्य मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया और प्रमुख मांग की कि चीफ प्रॉक्टर इस्तीफा दें।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीएचयू में छात्रों की सुरक्षा, परिसर की व्यवस्था और अन्य समस्याओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता से नाराज एबीवीपी के सदस्यों और छात्रों ने शव बनकर प्रदर्शन किया। अनिश्चितकालीन धरना के दसवें दिन परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर के बाहर छात्रों ने यह अनूठा विरोध दर्ज कराया। एबीवीपी बीएचयू इकाई ने इस प्रतीकात्मक शव प्रदर्शन के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में कार्यकर्ता और विद्यार्थी प्रतीकात्मक रूप से शव बनकर लेटे और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाखुशी जाहिर की। संगठन ने इस प्रदर्शन को प्रशासन की कथित संवेदनहीनता, जवाबदेही के अभाव और छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में आयोजित प्रतीकात्मक आंदोलन बताया।
एबीवीपी बीएचयू इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि अनिश्चितकालीन धरने के दसवें दिन भी छात्रों की मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। छात्र सुरक्षा किसी भी विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जब छात्रों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आंदोलन करना पड़े, तो यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हमारी प्रमुख मांग है कि चीफ प्रॉक्टर अपने पद से इस्तीफा दें और परिसर में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रतीकात्मक शव प्रदर्शन में अर्पण, विश्वास, समर्थ, हर्षित, नम्रता सहित एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

