सरकार की बुद्धि शुद्धि को पढ़ी हनुमान चालीसा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र अधिकारों के लिए लड़ रहे सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सरकार की निंदा की। सपा नेताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और हवन किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है और इस दमन के खिलाफ वे मजबूत संघर्ष करेंगे।

जंतर-मंतर दिल्ली पर छात्र अधिकारों के लिए लड़ रहे सामाजिक कार्यकर्ता, विज्ञानी सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सरकार की निंदा की है। साथ ही रविवार को सेंट जोंस चौराहा हनुमान मंदिर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन भी किया गया। सपा छात्रसभा के महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव के नेतृत्व में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ के दौरान नेताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। आरोप है कि पुलिस ने मंदिर को भी बंद करा दिया। मौके पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास भी पहुंच गए। इसके बाद सपा नेताओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा पढ़ी और यज्ञ किया।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार है। सरकार जन भावनाओं को सुनने की बजाय दमन का रास्ता अपनाएगी तो संघर्ष और मजबूती से बढ़ेगा। अमित प्रताप यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक को जबरन हटाकर अस्पताल में भर्ती कराना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। लिहाजा उन्हें तत्काल आंदोलन का अधिकार देना चाहिए। पार्टी के महानगर महासचिव पुष्पेंद्र शर्मा, मधुकर अरोड़ा, ललित राज जाटव, आकाश शर्मा, अविनाश पचौरी, रघुवीर वाल्मीकि, मोहित यादव, शिवम बघेल, सलमान अब्बास, गगन जौली, सचिन यादव, टीटू यादव, रशीद खान मौजूद रहे।


