बिरसा कॉलेज में सीटें बढ़ाने की मांग पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
रांची में बिरसा कॉलेज, खूंटी में स्नातक स्तर पर नामांकन के लिए छात्रों ने सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि कॉलेज उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है और सीटों की कमी से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को नुकसान हो रहा है।

रांची, विशेष संवाददाता। बिरसा कॉलेज, खूंटी में स्नातक स्तर पर नामांकन की सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में शनिवार को विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी बिरसा कॉलेज खूंटी स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा के नीचे एकत्रित हुए और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। विद्यार्थियों का कहना था कि यह कॉलेज खूंटी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थी बाहर जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं।
ऐसे में स्नातक की सीटों में कमी होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा से वंचित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने- सीट बढ़ाओ, विद्यार्थियों का भविष्य बचाओ, हर बच्चे को पढ़ने दो, बिरसा कॉलेज बढ़ने दो, जैसे नारे लगाए। विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज में सीटों की संख्या क्षेत्र की वास्तविक शैक्षणिक आवश्यकता के अनुरूप होनी चाहिए।एबीवीपी के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि बिरसा कॉलेज सिर्फ एक शिक्षण संस्थान नहीं है, यह खूंटी के गरीब, ग्रामीण और आदिवासी परिवारों के हजारों बच्चों के सपनों का केंद्र है। अगर सीटों की कमी के कारण कोई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रहना चाहिए। कहा कि अगर सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के साथ मिलकर आगे भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करेगा। वहीं, क्षेत्रीय प्रमुख रवि अग्रवाल ने कहा कि कई विद्यार्थी ऐसे हैं जिनका नामांकन सिर्फ सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण नहीं हो पाया है। संगठन ने रांची विश्वविद्यालय व उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेते हुए स्नातक की सीटों में पर्याप्त वृद्धि करने की मांग की है।


