इविवि में सीट कटौती, फीस वृद्धि पर आंदोलित छात्र
प्रयागराज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में सीटों की कटौती और फीस वृद्धि के खिलाफ सोमवार को ज्ञापन भेजा। छात्र नेताओं ने कहा कि सीटों में कमी और हर साल फीस में वृद्धि से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा पाने में कठिनाई हो रही है।
प्रयागराज, संवाददाता। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की सीटों में कटौती और फीस वृद्धि के विरोध में दिशा छात्र संगठन ने सोमवार को डीन छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा।संगठन के जिला प्रभारी चंद्रप्रकाश ने कहा कि इविवि में पिछले कुछ वर्षों में यूजी-पीजी की लगभग तीन हजार सीटें कम की जा चुकी हैं। यही नहीं विश्वविद्यालय प्रशासन हर साल स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों की फीस में क्रमश: लगभग 10 एवं 14 प्रतिशत की वृद्धि कर रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा पाना मुश्किल होता जा रहा है।
वहीं सीट कटौती के विरोध में दस जुलाई से इविवि छात्रसंघ भवन पर चल रहा आंदोलन तेज होने लगा है। सोमवार को कर्नलगंज के नवागत सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार सिंह भी छात्रनेताओं से बात करने पहुंचे थे। छात्र नेता प्रियांशु विद्रोही का कहना है कि यूजी-पीजी की तकरीबन छह हजार सीटों की कटौती शिक्षा के अधिकार पर हमला है। आंदोलन में अनुराग यादव, आशुतोष मौर्य, गौरव गोंड, राकेश,रोशन, आयुष, अंश, संग्राम, अनुपम आदि शामिल रहे।


