विद्या मंदिर के दो पूर्व छात्रों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
गोला गोकर्णनाथ के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के दो पूर्व छात्रों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रज्ञान वर्मा को हरकोर्ट बटलर विश्वविद्यालय में स्वर्ण पदक मिला है, जबकि रजनीश वर्मा ने स्वीडन में हिम मूर्तिकला प्रतियोगिता के लिए चयनित होने के साथ-साथ चीन में तृतीय स्थान पाया है।
गोला गोकर्णनाथ। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के दो पूर्व छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से विद्यालय क्षेत्र और जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार कन्नौजिया ने बताया कि इंटरमीडिएट वर्ष 2021 के पूर्व छात्र प्रज्ञान वर्मा को कानपुर स्थित हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए कुलाधिपति द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इसी प्रकार इंटरमीडिएट वर्ष 2012 के पूर्व छात्र रजनीश वर्मा का चयन स्वीडन की एक सरकारी संस्था द्वारा आयोजित हिम मूर्तिकला प्रतियोगिता के लिए 18 देशों के प्रतिभागियों में किया गया है।
इससे पूर्व जनवरी माह में चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिम मूर्तिकला प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त कर देश और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया था। प्रधानाचार्य राजकुमार कन्नौजिया ने दोनों पूर्व छात्रों की इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने प्रज्ञान वर्मा एवं रजनीश वर्मा को उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


