पड़ताल: सीलन,बदबू और असुरक्षित कमरे में रहने को मजबूर हैं छात्र
नई दिल्ली। हिन्दुस्तान टीम राजधानी में पढ़ाई करने वालों के समक्ष केवल

नई दिल्ली। हिन्दुस्तान टीम राजधानी में पढ़ाई करने वालों के समक्ष केवल पढ़कर बेहतर अंक लाने, प्रतियोगी परीक्षाओं में अव्वल आने की ही नहीं बल्कि हर दिन सुरक्षित आवास, शुद्ध भोजन और साफ हवा की भी चुनौती के साथ मकान मालिक का सिक्योरिटी मनी हड़पना,मनमाना बिजली बिल लेने जैसी कई चुनौतियों से छात्र गुजर रहे हैं। राजधानी की कई पीजी और हॉस्टल में प्रतिदिन छात्र जान जोखिम में डालकर रहते हैं। संकरी गलियां, बजबजाती नालियां, कूड़ा, साफ सफाई की कमी के बीच रहना उनके जिंदगी का हिस्सा बन गया है। कई छात्र बीमार पड़ जाते हैं। छात्रों का प्रशासन के प्रति भी गुस्सा है। प्रस्तुत है राजधानी के विभिन्न इलाकों में बनी पीजी की हिन्दुस्तान टीम द्वारा पड़ताल-----
गली इतनी संकरी कि एक साथ दो लोग भी नहीं चल सकते
स्थान: मोची गांव
समय: 1 बजे
सत्य निकेतन हादसे के बाद भी मोची गांव में रह रहे छात्रों की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। यहां कई पीजी और किराये के कमरों में छात्र सीलन, बदबू और खराब रखरखाव के बीच रहने को मजबूर हैं। गुरुवार को मौके पर छात्रों ने बताया कि कमरों की स्थिति ऐसी है कि दिन में भी पर्याप्त रोशनी और हवा नहीं पहुंचती। कई जगह दीवारों पर सीलन के निशान और कमरों में बदबू की शिकायत छात्रों ने की। सीढ़ी के अंदर लगा मीटर, कम जगह में बनी सीढ़ी छात्रों के लिए खतरे की घंटी है।
मोची गांव की संकरी गलियों में बड़ी संख्या में पीजी और किराये के कमरे संचालित हो रहे हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश से पढ़ने आए छात्र आलोक दुबे ने बताया कि यहां एक कमरे में दो से चार छात्र भी रह सकते हैं। सीमित जगह में कई छात्रों को रखा जाता है। कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने से सीलन और घुटन की समस्या बनी रहती है। छात्रों का कहना है कि बाहर से कमरा ठीक नजर आता है, लेकिन अंदर रहने की स्थिति काफी अलग है।
खतरनाक दरारों वाले पीजी का एनओसी मांगने पर हुआ खुलासा
चिराग दिल्ली:
समय: 2 बजे
चिराग दिल्ली में शांडिल्य पीजी को छोड़ने के बाद शहीद बहगत सिंह कॉलेज में शिफ्ट हुए छात्रों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। गुरुवार को नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर इन छात्रों ने पीजी प्रशासन की गंभीर लापरवाहियों और छात्रों की जान के साथ हो रहे खिलवाड़ को उजागर किया है।
भगत सिंह कॉलेज में ठहरे छात्रों ने बताया कि इमारत में ऊपर से लेकर नीचे तक गहरी और जानलेवा दरारें थीं। पीजी प्रशासन ने इन्हें ठीक कराने के बजाय सफेद पुट्टी लगाकर छिपा दिया और खिड़कियां बंद कर दीं ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। यहां छात्रों से किराया सात हजार, 7.5 और आठ हजार एसी, नॉन एसी आदि सुविधाओं के आधार पर वसूला जाता था।
कमरों में नहीं है रोशनी और हवा की व्यवस्था
स्थान: मोती बाग, सत्यनिकेतन
समय: दोपहर एक बजे
सत्य निकेतन में हाल ही में हुए इमारत हादसे के बाद आसपास के इलाकों में चल रहे पीजी (पेइंग गेस्ट) आवासों की स्थिति को लेकर छात्रों में चिंता बढ़ गई है। मोती बाग क्षेत्र में स्थित कई पीजी की पड़ताल के दौरान सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। कई पीजी में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र तक उपलब्ध नहीं मिले। वहीं कमरों में पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था भी नहीं दिखी, जिससे छात्रों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि हादसे के बाद पीजी संचालकों ने मीडिया से बातचीत करने से भी मना कर दिया है। पड़ताल में पाया कि कई कमरों का आकार इतना छोटा है कि दो बेड लगाने के बाद एक कुर्सी रखने तक की जगह नहीं बचती। इसके अलावा कई पीजी तंग गलियों में स्थित हैं, जहां किसी आपात स्थिति में दमकल या एंबुलेंस का समय पर पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
——
कोट्स
हादसे के बाद हमें अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। कई पीजी में न तो अग्निशामक यंत्र हैं और न ही आपातकालीन निकासी की कोई व्यवस्था दिखाई देती है।
-अक्षत मिश्रा
मैं सालभर तक पीजी में रहा था। यहां कमरों में हवा और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं, जिससे छात्र खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। व्यवस्था से तंग आकर मैं अब फ्लैट में रहता हूं।
-शिवम सरोज
-------------------


