बाघवार के विद्यार्थियों ने आईएचएम रांची का शैक्षणिक भ्रमण
बाघवार एकेडमी के लगभग 50 छात्रों ने होटल मैनेजमेंट की जानकारी के लिए आईएचएम रांची का शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्रों को होटल प्रबंधन, पाक कला और हाउसकीपिंग के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापक ने कहा कि ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलता है, जिससे वे भविष्य के करियर विकल्प चुनने में सक्षम होते हैं।

चान्हो, प्रतिनिधि। होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को बाघवार एकेडमी के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने आईएचएम रांची का शैक्षणिक भ्रमण किया। संस्थान पहुंचने पर छात्रों एवं उनके साथ गए शिक्षकों हरे कृष्णा सिंह और स्वाति सिंह का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट कराया गया और भ्रमण को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए उन्हें तीन समूहों में विभाजित किया गया। भ्रमण के दौरान छात्रों को होटल प्रबंधन, पाक कला, फ्रंट ऑफिस और हाउसकीपिंग विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। सीनियर लेक्चरर विनीत सिंह, धीरेंद्र तिवारी, रवि कुमार, असिस्टेंट लेक्चरर कोमल शर्मा, शेफ रजनीश तथा लेक्चरर शेफ राज शेखर ने आतिथ्य उद्योग में उपलब्ध करियर के अवसरों की जानकारी देते हुए विभिन्न व्यंजनों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य भूपेश तथा फैकल्टी सदस्यों के साथ सभी छात्रों का सामूहिक फोटो लिया गया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण बाघवार ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है और वे अपने भविष्य के लिए बेहतर करियर विकल्प चुनने में सक्षम बनते हैं। वहीं, निदेशक अशोक बाघवार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें विभिन्न प्रोफेशनल संस्थानों से जोड़ना है। उन्होंने आई एच एम रांची के प्रबंधन एवं फैकल्टी के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की बात कही।


