छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट और गुड-बैड टच की दी जानकारी
शामली के श्री सत्यनारायण इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012 और बच्चों के सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में बताया गया और असहज स्थिति में अभिभावकों या शिक्षकों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।

शामली। शहर के श्री सत्यनारायण इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 और बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में व्यवहारिक जानकारी देते हुए किसी भी असहज स्थिति में बिना डरे अभिभावकों या शिक्षकों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में स्काउट प्रभारी अनिल कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के तहत 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को संरक्षण प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों को शारीरिक सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की प्रताड़ना अथवा गलत व्यवहार होने पर चुप न रहने की सलाह दी गई।
नीतू अग्रवाल ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार असहज लगे तो बच्चे को घबराने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में 1098 या 112 पर सहायता लेने की जानकारी भी दी। कार्यशाला में सतीश आत्रेय, रामनाथ, साकेत निर्वाल, सचिन संगल, छवि शर्मा, ज्योति तायल, सारिका गर्ग, कीर्ति गर्ग आदि मौजूद रहे।


