छात्र महासंघ ने स्मार्ट बोर्ड व ई-लाइब्रेरी की उठाई मांग
कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबड़वाल के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति प्रो. डीएस रावत से मुलाकात कर शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड, ई-लाइब्रेरी, खेल सामग्री और स्वच्छ पानी की सुविधाओं की अपील की।

नैनीताल। कुमाऊं विवि छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबड़वाल के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कुलपति प्रो. डीएस रावत से मुलाकात कर परिसर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान छात्र नेताओं ने मांगपत्र सौंपते हुए छात्रों के लिए शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परिसर में आधुनिक शिक्षा संसाधनों और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने तथा ई-लाइब्रेरी की सुविधा शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही खेल मैदान के विकास, पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, नियमित सफाई और परिसर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर आयुष, कमल कार्की, शिवम गंगवार, हिमांशु आर्या, शुभम कुमार, सागर सिंह, पीयूष जलाल, हितेश जोशी, हिमांशु पाठक, दिनेश चंद्रा, तिलक कुमार आदि रहे।


