गढ़वाल विवि के छात्रसंघ चुनाव में मीडिया की एंट्री पर रोक, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को खुली छूट
श्रीनगर में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में मीडिया की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रवेश दिए जाने के कारण सवाल उठ रहे हैं। पत्रकारों ने उचित मानदंडों के अभाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाया है।
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में मीडिया की एंट्री को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। चुनाव के दौरान पत्रकारों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की बात सामने आई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को प्रवेश दिए जाने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मीडिया प्रवेश के संबंध में जब विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार और चुनाव संचालन समिति से जानकारी ली गई तो बताया गया कि चुनाव स्थल पर पत्रकारों की एंट्री की अनुमति नहीं है। आरोप है कि प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों को न तो कोई विशेष पहचान-पत्र जारी किया गया और न ही संस्थान से संबंधित वैध प्रमाण प्रस्तुत करने के बावजूद प्रवेश दिया गया। वहीं, सोशल मीडिया पर सक्रिय इंफ्लुएंसर्स को चुनाव परिसर में प्रवेश दिए जाने की बात सामने आई है। इससे पत्रकारों और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अपनाए गए अलग-अलग मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रसंघ चुनाव विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में चुनाव कवरेज से मीडिया को दूर रखने और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को प्रवेश देने की व्यवस्था पर पत्रकारों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि चुनाव प्रक्रिया इतनी संवेदनशील है कि स्वतंत्र मीडिया को भी प्रवेश नहीं दिया जा सकता, तो फिर लोकतांत्रिक व्यवस्था में चौथे स्तंभ की भूमिका और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कैसे निभाई जाएगी。
मुख्य द्वार के समीप यातायात रहा प्रभावित
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर मुख्य द्वार पर छात्र संघ चुनाव के बीच शुक्रवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित रहा। हालांकि होमगार्ड और पुलिस टीम को यातायात सुचारू करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


