बिद्यार्थी ऑन लाइन पोर्टल से अपनी समस्या ये दर्ज कराये
जीबी कॉलेज, नवगछिया में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सत्येन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु समयबद्ध और प्रभावी दृष्टिकोण पर जोर दिया। शिविर के नोडल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को समस्या दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग के बारे में बताया।

नवगछिया, निज संवाददाता। जीबी कॉलेज, नवगछिया में बिहार सरकार की पहल के अंतर्गत एकता समानता, जीवन आसान की भावना को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक समस्याओं/सुझावों के त्वरित समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सत्येन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक कठिनाई न हो, इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिविर के नोडल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक, छात्रावास संबंधी अथवा अन्य समस्याओं एवं सुझावों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं।


