भर्ती सुधार यात्रा का रांची में समापन, आंदोलन जारी रखने का ऐलान
रांची में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों की भर्ती सुधार यात्रा का समापन हुआ। 18 दिनों में 24 जिलों का दौरा करके छात्र नेताओं ने सीबीआई जांच की मांग की। यात्रा का समापन अलबर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि देते हुए किया गया और यह आंदोलन नहीं, बल्कि जागरूकता थी।

रांची, वरीय संवाददाता। जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का गुरुवार को रांची में समापन हुआ। यात्रा के 18वें दिन करीब सात किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू हुई पदयात्रा रेडियम रोड होते हुए अलबर्ट एक्का चौक पहुंची। यहां परमवीर चक्र विजेता शहीद अलबर्ट एक्का को श्रद्धांजलि दी गई। अलबर्ट एक्का चौक पर छात्र नेता और यात्रा के नेतृत्वकर्ता देवेंद्र नाथ महतो ने सभा को संबोधित किया। कहा कि यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं। सरकार को नियुक्ति परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य न्यायालय के समक्ष मजबूती से रखने चाहिए।
साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। इसके बाद पदयात्रा कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया। नेमरा से शुरू हुई यात्रा के दौरान सभी 24 जिलों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों और आम लोगों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों और आम लोगों ने हिस्सा लिया।


