कबीर हत्याकांड मामले में अगली सुनवाई आठ को
बस्ती। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने छात्रनेता कबीर तिवारी हत्या मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 अक्टूबर की तारीख दी है। आरोपित अदालत में हाजिर नहीं हुए हैं, जबकि कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। कबीर की हत्या 2019 में हुई थी और वादी ने सीबीआई जांच की भी मांग की थी।

बस्ती। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के न्यायाधीश जितेंद्र गुप्ता की अदालत ने सात साल पुराने छात्रनेता कबीर तिवारी हत्याकांड में अगली सुनवाई के लिए आठ अक्तूबर की तारीख नियत की है। पूर्व न्यायाधीश प्रमोद कुमार गिरि की अदालत से तलब किए गए सात आरोपितों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है, इसके बावजूद आरोपित न्यायालय में हाजिर नहीं हुए हैं। शासकीय अधिवक्ता की ओर से 12 मार्च 2026 को न्यायालय में धारा 319 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट में नामजद आरोपितों को तलब किए जाने के लिए प्रार्थना-पत्र दिया गया था। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के एंठीडीह निवासी कबीर तिवारी एपीएन पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष थे। नौ अक्तूबर 2019 को दिनदहाड़े मालवीय रोड पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। कबीर के बड़े पिता और मुकदमे के वादी शिवप्रसाद तिवारी ने प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि हत्या में शामिल आरोपित प्रभावशाली हैं। उनके प्रभाव से बचने के लिए वादी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी.
जांच की कार्रवाई
शासन स्तर से पैरवी के बाद जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई। वादी का आरोप है कि सीबीसीआईडी ने मामले की जांच में देरी की और बाद में सात आरोपितों के विरुद्ध क्लोजर रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल कर दी। मुकदमे में वादी और गवाहों के बयान दर्ज होने के बाद प्रथम सूचना रिपोर्ट में नामजद नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर निवासी अमन प्रताप सिंह व अक्षय प्रताप सिंह, दरियाखां निवासी अभिजीत सिंह, तुरकहिया निवासी साद उर्फ सादू व समीर खान, सुपेलवा निवासी अवनीश प्रताप सिंह, बेलाड़ी निवासी साहिल सिंह, इमरान उर्फ सब्बू, अनुराग तिवारी और अभय तिवारी के नाम सामने आए।
अदालत द्वारा कार्रवाई
वादी और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने अमन प्रताप सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, मोहम्मद साद उर्फ सादू, समीर खान, साहिल सिंह, अवनीश सिंह और इमरान को बलवा, हत्या और साजिश के आरोप में विचारण के लिए तलब किया था। आरोपितों के हाजिर नहीं होने पर न्यायालय ने उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया। इसके बाद भी हाजिर नहीं होने पर सातों के खिलाफ कुर्की का आदेश जारी किया गया। कुर्की की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है। तलबी आदेश के खिलाफ आरोपितों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद इमरान समेत तीन आरोपितों ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। इस पर सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तारीख नियत है। वहीं, मूल मामले में अगली सुनवाई आठ अक्तूबर को होगी.

