दसवीं के छात्र ने शुरू किया एक पेड़-एक परिवार अभियान
सासाराम, एक संवाददाता। दसवीं कक्षा के छात्र रुद्रांश पांडेय ने पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़-एक परिवार' अभियान शुरू किया है। 60 परिवारों को जोड़ा गया है और 1000 परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है। रुद्रांश के अनुसार, पौधों की देखभाल भी जरूरी है। आईजी विकास वैभव ने उसकी पहल की सराहना की।

सासाराम, एक संवाददाता। शहर को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का रूप देने के लिए दसवीं कक्षा के छात्र रुद्रांश पांडेय ने अनोखी पहल शुरू की है। अपने पॉकेट खर्च से मिले पैसों से उन्होंने द वसुधयन संस्था की शुरुआत की है। संस्था की ओर से एक अगस्त से एक पेड़-एक परिवार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 60 परिवारों को अभियान से जोड़ा जा चुका है।
संस्था का लक्ष्य
संस्था का लक्ष्य एक हजार परिवारों को इससे जोड़ना है। रुद्रांश का कहना है कि पौधरोपण के बाद अक्सर लोग पौधे के साथ तस्वीर खिंचवाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेते हैं। जबकि पौधे को पेड़ बनाने के लिए उसकी नियमित देखभाल जरूरी है। इसी सोंच के साथ संस्था प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित कर रही है। पौधे उपलब्ध कराने के बाद संस्था संबंधित परिवारों के संपर्क में रहेगी और प्रत्येक दो माह पर पौधे की स्थिति की जानकारी भी लेगी।
रुद्रांश की कोशिशें
पढ़ाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में जुटे रुद्रांश का मानना है कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ लगाना ही नहीं, उनकी सुरक्षा और देखभाल भी जरूरी है। अभियान से अब तक 30 से अधिक स्कूली छात्र जुड़ चुके हैं। इसी क्रम में रुद्रांश ने एक दिन पूर्व आईजी विकास वैभव से मुलाकात कर उन्हें पौधा भेंट किया और अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। आईजी ने छात्र की पहल की सराहना करते हुए उसके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।


