पाकुड़ के शिक्षा संकट पर अभाविप ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
पाकुड़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक बदहाली पर ज्ञापन सौंपा और स्नातक सीटों में कटौती, छात्रावास निर्माण, और छात्रवृत्तियों की समयबद्ध वितरण की मांग की। राज्यपाल ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

पाकुड़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर विशेष रूप से पाकुड़ जिले की शैक्षणिक बदहाली पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। केकेएम कॉलेज के छात्र और अभाविप प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने राज्यपाल को अवगत कराया कि पाकुड़ के महाविद्यालयों में स्नातक सीटों में की गई भारी कटौती से ग्रामीण व गरीब छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने सीटों की बहाली, नए छात्रावास निर्माण, और जनजातीय व पिछड़े वर्ग के छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति सुनिश्चित करने की मांग की। जिसमें स्नातक नामांकन सीटों में कटौती पर रोक। केकेएम कॉलेज, पाकुड़ मॉडल कॉलेज, महिला कॉलेज एवं महेशपुर डिग्री कॉलेज में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की अविलंब नियुक्ति।स्नातकोत्तर
की पढ़ाई शुरू करना, सत्र विलंब को दूर करना और बंद हो चुके विषयों को पुनः प्रारंभ करना।सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं, जेपीएससी परीक्षाओं में धांधली की जांच और वोकेशनल पाठ्यक्रमों को सरकारी घोषित करने की मांग की। राज्यपाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और छात्रहित में त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।


