विद्यार्थी सहयोग शिविर में पहले दिन सहयोग पोर्टल से अवगत हुए छात्र
-पोर्टल के उद्देश्य उपयोगिता तथा पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की दी गई जानकारी पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय के

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय के अधीनस्थ पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार और अररिया जिलों के अंगीभूत कॉलेजों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं के संकलन के लिए हर माह चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर लगाने की कवायद के तहत मंगलवार से विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ किया विश्वविद्यालय के साथ सभी कॉलेजों में किया गया। बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत सबका सम्मान जीवन आसान के लक्ष्य को लेकर शुरु की गई शिविर में पहले दिन विद्यार्थी सहयोग शिविर में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की जानकारी से छात्र-छात्राएं अवगत हुए। मौके पर छात्र-छात्राओं को पोर्टल के उद्देश्य, उपयोगिता तथा पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई और बिहार सरकार की योजना के तहत हर चौथे मंगलवार को शिविर में शिकायत और समस्या दर्ज करवाने की अपील की गई। पहले दिन विश्वविद्यालय में एक मात्र छात्रा ने पीएचडी फिजिक्स से संबंधित अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जबकि पूर्णिया कॉलेज के साथ अन्य कॉलेजों में विद्यार्थियों ने पहले दिन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के साथ किस प्रकार समस्या के समाधान में पोर्टल काफी उपयोगी है, इसकी जानकारी हासिल की।
शिकायतों का निस्तारण
-प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 30 दिनों के अंदर होगा निस्तारण :
-बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय 3 के अंतर्गत सबका सम्मान जीवन आसन के लक्ष्य को दृष्टिपथ रखते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित शिविर में नोडल पदाधिकारी विभागाध्यक्ष अंग्रेजी विभाग डॉ. श्वेता कुमारी तथा विभागाध्यक्ष वाणिज्य विभाग डॉ. इश्तियाक अहमद ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में एकमात्र विद्यार्थी जैनब अमीना, जो पीएचडी फिजिक्स से संबंधित मामले के लिए उपस्थित थीं, ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में इस प्रकार के शिविरों को महत्वपूर्ण पहल बताया गया। वहीं पूर्णिया कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रमन कुमार गुंजन ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर में पहले दिन विद्यार्थियों ने पोर्टल की उपयोगिता के साथ पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
-----


