प्रतियोगी छात्रा से सरेराह अश्लील हरकत
प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ सिविल लाइंस में एक युवक ने अश्लील हरकत की। छात्रा ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन महिला हेल्पलाइन से मदद नहीं मिली। युवक ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और पुलिस पहुंचने से पहले फरार हो गया।

प्रयागराज, संवाददाता। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा से सिविल लाइंस में सरेराह अश्लील हरकत किए जाने और विरोध पर जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई है। छात्रा ने स्कूटी सवार एक युवक पर मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा का आरोप है कि महिला हेल्प लाइन नंबर पर कॉल करने पर कोई मदद नहीं मिली।मऊ जिले की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह यूपीटीईटी की परीक्षा देकर बलिया से प्रयागराज पहुंची थी। कुछ देर स्टेशन के प्रतीक्षालय में रुकने के बाद पैदल ही सुभाष चौराहे की ओर जा रही थी।
उसका आरोप है कि रास्ते में काले रंग की ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत की और अपने साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। छात्रा के मुताबिक उसने 1090 पर फोन किया, लेकिन सहायता नहीं मिली। बाद में 112 पुलिस को सूचना दी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। छात्रा ने आरोपी और उसकी स्कूटी की तस्वीर मोबाइल से खींचने का दावा किया है।


