पराली जलाने पर पांच राज्यों को केंद्र की सख्त चेतावनी
- एमपी-राजस्थान में मामले तेजी से बढ़े -पराली प्रबंधन योजना के लिए 4266

नई दिल्ली, एजेंसी। पराली जलाने के बढ़ते मामलों पर केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में सख्त निगरानी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मध्य प्रदेश में पराली जलाने की घटनाएं पिछले साल के मुकाबले 452 प्रतिशत और राजस्थान में 200 प्रतिशत बढ़ी हैं। केंद्र ने राज्यों से कागजी कार्रवाई के बजाय जमीन पर उतरकर अभियान चलाने को कहा है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पराली प्रबंधन की समीक्षा की गई। दोनों मंत्रियों ने कहा कि धान की कटाई और रबी फसलों की बुवाई के बीच बहुत कम समय बचा है। ऐसे में जिलाधिकारियों के साथ तत्काल बैठकें कर प्रभावित क्षेत्रों की पहचान और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
राज्यों में पराली जलाने के मामलों का रुझान
पिछली साल मुकाबले उत्तर प्रदेश में करीब 32 प्रतिशत गिरावट
कृषि मंत्रालय के मुताबिक, 15 सितंबर से 12 अक्टूबर के बीच हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं पिछले साल की तुलना में 53.3 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में करीब 32 प्रतिशत घटी हैं। पंजाब में भी गिरावट दर्ज की गई। इसके उलट, मध्य प्रदेश में मामले 55 से बढ़कर 277 और राजस्थान में 20 से बढ़कर 60 हो गए। चौहान ने दोनों राज्यों को प्रभावित जिलों और गांवों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
पराली प्रबंधन योजना के लिए जारी धनराशि
पराली प्रबंधन योजना के लिए 4266 करोड़ रुपये जारी
केंद्र ने 2018-19 से 2025-26 के बीच पराली प्रबंधन योजना के तहत राज्यों को 4,266.47 करोड़ रुपये जारी किए हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 592.57 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिनमें से 430.87 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। चौहान ने धनराशि के इस्तेमाल में धीमी प्रगति पर चिंता जताई और पंजाब से पिछली किस्तों के उपयोगिता प्रमाणपत्र जल्द जमा करने को कहा।
किसानों के लिए मशीनों की उपलब्धता और मरम्मत
किसानों को सस्ते दामों पर मशीने उपलब्ध कराएं : केंद्र
केंद्र ने राज्यों को अब तक पराली प्रबंधन के लिए 3.54 लाख से अधिक मशीनें उपलब्ध कराई हैं। हालांकि, सर्वेक्षण में पंजाब की करीब 40 प्रतिशत और हरियाणा की 48 प्रतिशत पुरानी मशीनें बंद या बेकार पाई गईं। चौहान ने मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने, नई मशीनें बांटने और कस्टम हायरिंग केंद्रों के जरिये छोटे किसानों को सस्ती दरों पर उपकरण उपलब्ध कराने को कहा है।

