जर्जर बेसिक स्कूलों में नहीं बैठेंगे छात्र, बीईओ को सर्वे के निर्देश
जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जर्जर भवनों में कक्षाएं नहीं लगेंगी और नए सत्र में स्कूलों का चिन्हिकरण होगा। बीएसए ने सभी ब्लॉकों में जर्जर भवनों का विस्तृत सर्वे कराने का आदेश दिया है।

जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के किसी भी ब्लॉक में जर्जर स्कूल भवन या असुरक्षित कमरे में अब नौनिहालों की कक्षाएं नहीं लगेंगी। बीएसए संबंधित ब्लॉक के बीईओ को सख्त निर्देश जारी करते हुए जर्जर भवनों का नए सिरे से चिन्हीकरण कराने के आदेश दिए हैं। जिले में पूर्व में 200 से अधिक जर्जर स्कूल गिराए जा चुके हैं और और अब नए सत्र में स्कूलों का चिन्हिकरण होगा तो विभाग इन्हें भी गिराने का कार्य करेगा और नए सिरे से इन स्कूलों में भवनों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। विभागीय आदेश के अनुसार जिन स्कूलों के भवन जर्जर या खस्ताहाल हो चुके हैं उनमें शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद किया जाए और दूसरे भवन में बच्चों को शिक्षक पढ़ाएंगे, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना या हादसे से बचा जा सके। जिले में करीब 44 विद्यालयों के भवनों को पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जो स्कूल चिन्हित होंगे उन्हें नियमानुसार गिराया जाएगा। संबंधित ब्लॉकों के बीईओ से जल्द जर्जर स्कूलों की रिपोर्ट मांगी जाएगी।
नए सत्र को लेकर दोबारा होगा व्यापक सर्वे
बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी ब्लॉकों में जर्जर और मरम्मत योग्य भवनों का एक बार फिर विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है। बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी स्कूलों की भौतिक स्थिति की जांच करें और जहां भी भवन या छत असुरक्षित स्थिति में हो उसकी तत्काल रिपोर्ट विभाग में जमा कराएं। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन बच्चों की पढ़ाई पास के सुरक्षित भवनों या कमरों में सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी।


