टीएनबी कॉलेज में इतिहास के प्रभारी हेड को शोकॉज
इतिहास विभाग, दूसरी जगह किया जाएगा शिफ्ट समय से नहीं आने वाले दो कर्मियों को

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएनबी कॉलेज के स्टाफ रूम में गुरुवार को दो छात्राओं द्वारा उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के बाद कॉलेज प्रबंधन ने विभाग पर सख्ती शुरू कर दी है। इस मामले में प्राचार्य ने विभाग के प्रभारी हेड डॉ. कुमार कार्तिक को शोकॉज किया है। उधर, कॉलेज का इतिहास विभाग स्टाफ रूम में चल रहा था, लेकिन इस घटना के बाद अब उसे कॉलेज के ज्योग्राफी विभाग के निचले तल पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए प्राचार्य डॉ. दीपो महतो ने निर्देश दिया है। प्राचार्य ने कहा कि लापरवाही को लेकर प्रथम दृष्टया प्रभारी हेड को शोकॉज किया गया है, साथ ही विभाग को शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है।
कॉलेज में उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के मामले को लेकर अनुशासन समिति ने अपनी जांच शुरू कर दी है। उनसे दो दिनों के भीतर प्राचार्य ने रिपोर्ट मांगी थी। शुक्रवार को कमेटी ने बैठक की। मामले में विचार-विमर्श किया। इसके बाद प्राचार्य से कमेटी के संयोजक ने जांच के लिए सात दिनों का समय मांगा है। कमेटी ने कहा है कि मामले में शिकायतकर्ता और वीडियो में दिख रही छात्राओं से भी जानकारी ली जाएगी। इसके बाद ही पूरे तथ्य के साथ रिपोर्ट तैयार होगी। इस आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। प्राचार्य ने कमेटी को सात दिनों का समय दे दिया है।प्राचार्य ने कहा कि शुक्रवार को कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दो कर्मी समय से कॉलेज नहीं पहुंचे थे। उन दोनों को शोकॉज किया गया है। उन्हें जवाब देने को गया है। यदि जवाब संतुष्ट करने वाला नहीं होगा तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज में शिक्षक हों या कर्मचारी समय का पालन अनिवार्य रूप से करें। यदि कॉलेज समय में अनुपस्थित पकड़े जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

