स्वास्थ्य परीक्षण में चार स्कूली चालक अनफिट
हिन्दुस्तान, उन्नाव
उन्नाव में मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान के तहत अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। 11 से 25 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में 63 चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 4 चालक अनफिट पाए गए। इन्हें तत्काल प्रभाव से वाहन संचालन से हटा दिया गया है।

उन्नाव। मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान के तहत अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ 11 अगस्त से 25 अगस्त तक विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। अभियान के तहत सोमवार को सुबह 10 से 12 बजे तक सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में ऐसे वाहनों के चालकों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। परीक्षण में तमाम विद्यालयों के 63 चालकों के नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण शासकीय चिकित्सकों से किया गया। इसमें 4 स्कूली चालक अनफिट पाए गए। अनफिट पाए गए चालकों के विद्यालय प्रबन्धकों को नोटिस देकर इन्हें तत्काल प्रभाव से वाहन संचालन से दूर करने के निर्देश दिए।
अनफिट के बाद भी चालकों से वाहन चलवाने पर प्रबंधन को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। शिविर में डॉ. आरिफ मजीद, डॉ. ऋतु ओमर, एआरटीओ प्रशासन श्वेता वर्मा, पीटीओ विनय कुमार पाण्डेय आदि रहे।


