सख्ती: घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई
झारखंड में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत और व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केवल घरेलू उपयोग के लिए सिलेंडर का प्रयोग हो सकेगा। जांच दल अवैध उपयोग की जांच करेंगे और कार्रवाई करेंगे।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अनाधिकृत और व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभागीय सचिव ने आदेश में स्पष्ट कहा है कि घरेलू सिलेंडर केवल घरों की रसोई संबंधी आवश्यकताओं के लिए हैं। होटल, रेस्टोरेंट या किसी भी व्यावसायिक गतिविधि में इनका उपयोग गैर-कानूनी माना जाएगा। अवैध उपयोग की जांच के लिए उपायुक्तों के नेतृत्व में गठित टीमें औचक निरीक्षण करेगी। उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, एसडीओ, बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और तेल विपणन कंपनियों के साथ मिलकर विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं。
बैंक्वेट हॉल-कैटरिंग किचन के आगे सूचना लगाएं
नई गाइडलाइन के अनुसार बैंक्वेट हॉल, लॉन और कैटरिंग किचन के सामने वाले हिस्से में सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बोर्ड पर स्पष्ट लिखना होगा कि यहां सिर्फ व्यवसायिक गैस सिलेंडर ही इस्तेमाल होगा। घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करना गैर कानूनी है। निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत उपयोग मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच दल प्रतिष्ठान का नाम, पता, सिलेंडर की संख्या, उपभोक्ता विवरण और साक्ष्य दर्ज कर नियमानुसार जब्ती की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
गैस वितरण वाहनों पर बजेगा 'भाई आया रे गैस सिलेंडर'
उन्होंने राज्य में कार्यरत सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने और संदिग्ध उपयोग की सूचना अधिकारियों को देने का निर्देश दिया है। साथ ही जन जागरूकता और लोगों के सुविधाजनक तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गैस वितरण वाहनों पर ग्राहक दक्षता कल्याण फाउण्डेशन द्वारा तैयार सुरक्षा ऑडियो संदेश 'भाई आया रे गैस सिलेंडर' बजाया जाएगा।
उपभोक्ता सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में न दें
सचिव ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपना घरेलू सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति या व्यावसायिक उपयोग के लिए न दें। इसके अलावा किसी भी प्रकार के गैस रिसाव या खराबी की स्थिति में स्वयं सुधारने के बजाय अधिकृत वितरक से ही संपर्क करें। सभी जिलों के उपायुक्तों को मासिक स्तर पर कार्रवाई की समीक्षा करने और विभाग को निर्धारित प्रारूप में निरीक्षण, कार्रवाई, जब्ती और लंबित मामलों की रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।
इन स्थानों पर विशेष जांच की जाएगी
होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और भोजनालय
मिठाई और बेकरी की दुकानें
कैटरिंग इकाइयां, मैरिज हॉल और बैंक्वेट हॉल
हॉस्टल और बड़े संस्थागत रसोईघर
सड़क किनारे चलने वाले खानपान के ठेले और व्यावसायिक भोजनालय
बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग किचन में चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य
अग्निशमन उपकरणों की भी होगी जांच
सिलेंडर सुरक्षित स्थान पर हों और सीधी आग या गर्मी से दूर रखे जाएं।
गैस पाइप और रेगुलेटर मानक गुणवत्ता के अनुरूप हों।
परिसर में अग्निशमन उपकरण पूरी तरह कार्यशील स्थिति में उपलब्ध रहें।


