एसआईआर की धीमी रफ्तार पर डीसी सख्त, लापरवाह कर्मियों पर होगी कार्रवाई
रांची में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कई कर्मियों की पहचान की गई है, जिनके खिलाफ निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। निर्वाचन कार्य में किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, कहा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने।

रांची, विशेष संवाददाता। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों पर सख्त कार्रवाई होगी। रांची जिले में ऐसे कई कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने पर निलंबन, विभागीय कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई तक की जा सकती है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारियों (एईआरओ), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


