गंडक बराज का हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण कराएगा जल संसाधन विभाग
जल संसाधन विभाग वाल्मीकिनगर बैराज और गंडक नदी के चारों ओर हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण कराने की योजना बना रहा है। यह सर्वेक्षण बाढ़ के खतरों को कम करने में मदद करेगा। इसे अगले साल जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है, और इसकी लागत 66 लाख रुपये होगी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जल संसाधान विभाग वाल्मीकिनगर बैराज की मजबूती व जलग्रहण क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए विभाग बैराज और गंडक नदी के आसपास के इलाकों का हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण कराएगा। ताकि, गाद प्रबंधन को मजबूत बनाते हुए बाढ़ के खतरों को कम किया जा सके। इसके लिए विभाग जल सर्वेक्षण से जुड़ी निजी कंपनियों की मदद लेगा। इस सर्वेक्षण को अगले साल जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसपर 66 लाख रुपये लागत आने का अनुमान है।
जल संसाधन विभाग का पत्र
जल संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव (अभियंत्रण) ई. आलोक कुमार ने मुख्य अभियंता, तिरहुत अंचल को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने गंडक नदी में हर साल आने वाली गाद के कारण वाल्मीकिनगर बराज पर खतरे का आकलन करने के लिए तंत्र विकसित करने की बात कही है। पत्र के अनुसार, इसको जलाशय हाइड्रोग्राफिक योजना नाम दिया गया है। इसमें वाल्मीकिनगर बैराज में हर साल आने वाले गाद का आकलन किया जाएगा। सोनार जैसी आधुनिक मशीनों से आकलन करते हुए बैराज के लिए बने जलाशय में भर चुके गाद का पता लगाया जाएगा। इसके लिए पूर्व में किए गए गाद के आकलन का मिलान नए सर्वेक्षण के आंकड़ों से किया जाएगा। दोनों आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद गाद भरने की गति का पता लगाया जाएगा। इससे नेपाल से गंडक नदी में हर साल आने वाली गाद का सटीक आंकड़ा मिलने पर बैराज की मजबूती पर काम करने में मदद मिलेगी।
पानी के प्रवाह का आकलन
ई. आलोक के अनुसार, बैराज से नदी में छोड़े जाने वाले पानी के प्रवाह का भी आकलन किया जाएगा। ताकि बांधों पर पड़ने वाले दबाव से उनके टूटने की प्रक्रिया और पैटर्न के विस्तार की दिशा में काम किया जा सके। इसके लिए भी विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। वहीं, इन सभी आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन करने के बाद आपातकालीन योजना, संचालन और रख रखाव के लिए भी मानक मैन्युअल बनाया जाएगा। इस सर्वेक्षण के लिए वाल्मीकिनगर बैराज के कार्यपालक अभियंता को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.

