सीमा पर सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व की भावना से काम कर रही एसएसबी
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लेटी में एसएसबी, एपीएफ नेपाल एवं ग्रामीणों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सुरक्षा मुद्दों, मानव चिकित्सा शिविर और कौशल विकास प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी साझा की गई। एसएसबी ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की अपील की।

अररिया, एक संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमावर्ती ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर बाह्य सीमा चौकी लेटी में एसएसबी, एपीएफ नेपाल एवं ग्रामीणों की बीओपी कमांडर स्तर की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
बैठक का आयोजन 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल अररिया के कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार के निर्देशन में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए एसएसबी के लेटी कैंप प्रभारी उप निरीक्षक भरत सेन ने कहा कि एसएसबी सीमा पर सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व की भावना के साथ कार्य कर रही है।
समुदाय के विकास के लिए कार्यक्रम
सीमा सुरक्षा के साथ सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के विकास के लिए समय-समय पर मानव चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर और कौशल विकास प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रम नि:शुल्क आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सीमा अथवा सीमा पार से होने वाली किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि की जानकारी तत्काल एसएसबी को दें।
सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा
आसपास कोई नया चेहरा या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर भी इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में आत्मनिर्भर भारत के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण, नशा मुक्त भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, श्री अन्न के उपयोग तथा युवतियों के केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती से संबंधित जानकारी भी दी गई। इसके अलावा आग, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान एसएसबी के साथ मिलकर सहयोग करने की अपील की गई।
नेपाली अधिकारियों के साथ चर्चा
वहीं एपीएफ नेपाल के अधिकारियों के साथ अवैध आवागमन, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण और सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने सहित विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में एसएसबी की ओर से सहायक उप निरीक्षक रमेश चन्द तथा एपीएफ नेपाल की ओर से डीएसपी गोविंदा प्रसाद पोखरेल, निरीक्षक सिंघाबीर मल्ला समेत बलकार्मिक एवं सीमावर्ती ग्रामीण मौजूद रहे।

