बनारस-खजुराहो वंदे भारत पर खुरहंड स्टेशन के पास पथराव, खिड़की का शीशा टूटा
बांदा में वंदे भारत ट्रेन पर एक बार फिर से पत्थर उछालने का मामला सामने आया है। खजुराहो से बनारस जा रही ट्रेन पर पथराव किया गया, जिससे एक खिड़की का शीशा टूट गया। मामले में 12 वर्षीय बच्चे को पकड़ा गया है। पहले भी वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाएं हुई हैं।

बांदा। वंदेभारत ट्रेन पर एक बार फिर से पत्थर उछालने का मामला सामने आया है। खजुराहो से बनारस जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26505) पर 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे खुरहंड रेलवे स्टेशन के पास पथराव कर दिया गया। पत्थर सीधे ट्रेन के सी/चार कोच की खिड़की पर लगा, जिससे सीट संख्या 23 और 24 के पास का शीशा टूट गया। जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है। मामले में आरपीएफ पोस्ट बांदा ने रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। आरपीएफ प्रभारी सुरूचि द्विवेदी ने बताया कि जांच में बांदा जनपद के गिरवां थाना क्षेत्र के गांव नंदना निवासी 12 वर्षीय बाल अपचारी की पहचान हुई। वह स्वर्गीय राजू वर्मा का पुत्र है। आरपीएफ टीम ने उसे घटना वाले दिन ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात बताई। नाबालिग होने के कारण आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। मामले में एक अक्टूबर को बाल न्यायालय को भी अवगत कराया गया है। बताया कि पथराव रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
पहले भी हो चुकी पत्थरबाजी की घटनाएं
बांदा। वंदे भारत ट्रेन में पत्थरबाजी की घटना नई नहीं है। इससे पहले 29 मार्च 2026 की शाम करीब 17.12 बजे खजुराहो से वापस बनारस जाते समय बांदा स्टेशन पार करते ही एक युवक ने पत्थर फेंका। इससे वंदेभारत के कोच सी-2 के गेट का शीशा टूट गया था। इसके बाद ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने आरपीएफ बांदा को सूचना दी। आरपीएफ ने धारा 153, 147 रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर मजिट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे मंडल कारागार भेज दिया था। इससे पहले 20 दिसंबर 2025 को बदौसा के आगे गुलेल से पत्थर उछाला गया था.

