डिग्री की फोटो से एसटीईटी में आवेदन करेंगे छात्र
एसटीईटी का परीक्षा फॉर्म बीआरए बिहार विवि के छात्र अपनी मूल डिग्री के स्थान पर उसकी फोटो से भरेंगे। छात्रों की लंबी कतार विवि में देखी गई। नए परीक्षा नियंत्रक ने निर्णय लिया कि डिग्रियां जल्द से जल्द छात्रों को पहुंचाई जाएं। फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। एसटीईटी का परीक्षा फॉर्म बीआरए बिहार विवि के छात्र मूल डिग्री से नहीं बल्कि उसकी फोटो से भरेंगे। एक साथ हजारों आवेदन आने के कारण इतनी डिग्रियां बीआरएबीयू तैयार नहीं कर पा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को डिग्रियों की जगह उसकी फोटो मोबाइल पर भेजी जा रही है, ताकि उन्हें फॉर्म भरने में परेशानी नहीं हो।
डिग्री लेने के लिए लंबी कतार
उधर, डिग्री लेने के लिए गुरुवार को भी छात्रों की लंबी कतार विवि में लगी रही। डिग्री को अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचाने के लिए नए परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरविंद कुमार ने सभी उप परीक्षा नियंत्रक और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें प्रॉक्टर प्रो. विपिन राय भी शामिल हुए। इस दौरान निर्णय लिया गया कि डिग्री तैयार करने के लिए रविवार को भी परीक्षा विभाग खोला जाएगा। एसटीईटी का फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 31 अगस्त तक है।
डिग्री के लिए आवेदन की समस्या
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा विभाग में अभी 10 हजार डिग्रियों के आवेदन आ चुके हैं। हर दिन एक हजार छात्र डिग्री के लिए आवेदन कर रहे हैं। कम समय में इतनी संख्या में आवेदन से डिग्री छापने और उस पर परीक्षा नियंत्रक के साइन कराने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा वर्ष 2022 से 24 तक की डिग्रियां तैयार हैं, लेकिन उनमें आवेदनकर्ता की डिग्री निकालने में परेशानी हो रही है। गुरुवार को परीक्षा विभाग पहुंचे छात्रों ने बताया कि नेट पर चेक करने पर डिग्री प्रिंट बता रही है, लेकिन उन्हें डिग्रियां मिल नहीं रही है। परीक्षा नियंत्रक ने छपी हुई डिग्रियों को कॉलेज भेजने का भी निर्देश दिया। परीक्षा नियंत्रक का कहना था कि कुलपति का निर्देश है जल्द से जल्द अधिक से अधिक डिग्रियां तैयार कर छात्रों को दे दी जाएं।


