ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशUNSC की दूसरी बार कमान संभालने तैयार भारत, मुख्यालय में पहली बार महात्मा गांधी की प्रतिमा

UNSC की दूसरी बार कमान संभालने तैयार भारत, मुख्यालय में पहली बार महात्मा गांधी की प्रतिमा

UN News: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की अध्यक्षता भारत के पास रहने के दौरान देश की ओर से वैश्विक निकाय को भेंट के तौर पर यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

UNSC की दूसरी बार कमान संभालने तैयार भारत, मुख्यालय में पहली बार महात्मा गांधी की प्रतिमा
Nisarg Dixitएजेंसी,संयुक्त राष्ट्रMon, 28 Nov 2022 05:17 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

अगले महीने दिसंबर में भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष होगा और पूरे एक महीने तक सुरक्षा परिषद का नेतृत्व करेगा। इस दौरान आतंकवाद से मुकाबला और बहुपक्षवाद में सुधार भारत की मुख्य प्राथमिकताएं होंगी। UN में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने रविवार को बताया कि दिसंबर में अध्यक्षता संभालने पर भारत की कई मुख्य प्राथमिकताएं होंगी। खासकर हम आतंकवाद के मुद्दे पर गंभीरता से काम करेंगे। ज्ञात रहे कि परिषद का अस्थायी सदस्य बनने के बाद भारत ने अगस्त 2021 में पहली बार अध्यक्षता संभाली थी और अब वह दूसरी बार इसकी अध्यक्षता करेगा। भारत का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा।

पहली महिला प्रतिनिधि संभालेगी कमान
संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहली महिला स्थायी प्रतिनिधि कंबोज दिसंबर में अध्यक्ष के आसन पर बैठेंगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर 14 दिसंबर को बहुपक्षवाद में सुधार के लिए और 15 दिसंबर को आतंकवाद को लेकर सुरक्षा परिषद में हस्ताक्षर कार्यक्रमों की अध्यक्षता करने न्यूयॉर्क आएंगे।

इंदिरा गांधी ने पहली बार भेंट की थी पाल काल की मूर्ति
भारत की तरफ से उपहार स्वरूप ये प्रतिमा संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में लगाई जानी है। भारत की ओर से यह दूसरा उपहार है। इससे पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 11वीं सदी की पाल काल की सूर्यदेव की काले पत्थर की मूर्ति 26 जुलाई, 1982 में भेंट की थी, जिसे संयुक्त राष्ट्र की ओर से स्वीकार किया गया था। उसे कांफ्रेंस बिल्डिंग में प्रदर्शित किया है।

पद्म श्री राम सुतार ने बनाई है प्रतिमा
प्रसिद्ध भारतीय मूर्तिकार पद्म श्री सम्मानित राम सुतार ने यह मूर्ति बनायी है। कार्यक्रम में सुरक्षा परिषद के सभी 15 सदस्यों के प्रतिनिधियों के उपस्थित रहने की संभावना है। उसमें वे नये सदस्य भी शामिल होंगे जो एक जनवरी, 2023 से परिषद का सदस्य बनने जा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और संयुक्त राष्ट्र के 77 वीं महासभा के अध्यक्ष कसाबा कोरोसी के भी शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की महत्ता रेखांकित करते हुए रुचिरा कंबोज ने कहा कि महात्मा गांधी की अहिंसा एवं शांति की विरासत स्थायी है।

पहली बार महात्मा गांधी की मूर्ति
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता भारत के पास रहने के दौरान देश की ओर से वैश्विक निकाय को भेंट के तौर पर यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। ये मुख्यालय के उत्तरी लॉन में लगाई जाएगी। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। जयशंकर 14 दिसंबर को इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की उल्लेखनीय कलाकृतियों में जर्मनी द्वारा दी गयी बर्लिन की दीवार का एक हिस्सा, सोवियत कलाकृति लेट अस बीट स्वोर्ड्स इंटू प्लाउशेयर दक्षिण अफ्रीका द्वारा दी गयी नेल्सन मंडेला की आदमकद प्रतिमा, पब्लो पिकासो की गुएर्निका चित्रयवनिका शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय दुनियाभर के उपहारों एवं कलाकृतियों को गर्व के साथ प्रदर्शित करता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें