अवैध खनन पर निगरानी के लिए डिस्ट्रिक्ट लेवल टास्क फोर्स सेल का करें गठन : उपायुक्त
शुक्रवार को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन रोकने की रणनीतियों पर चर्चा की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए चेकनाका स्थापित करने और डिस्ट्रिक्ट लेवल टास्क फोर्स का गठन करने का निर्देश दिया।

शुक्रवार को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनन की रोकथाम को लेकर वीडियो संवाद के माध्यम से उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बैठक की। उसके बाद डीसी-एसपी ने जिला विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। मौके पर जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे। बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन व भंडारण पर प्रभावी रोकथाम तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिले के वल्नरेबल प्वाइंट्स को चिह्नित कर चेकनाका स्थापित करने एवं वहां दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही, अवैध खनन से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी व त्वरित कार्रवाई के लिए डिस्ट्रिक्ट लेवल टास्क फोर्स का सेल गठन करने को कहा गया।
उन्होंने अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा प्राप्त शिकायतों का विधिसम्मत तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिकायतों पर की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन जिला स्तर पर समर्पित करने को भी कहा। उपायुक्त ने जब्ती की कार्रवाई के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को जब्त वाहनों का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे तथा अभिलेखों का समुचित संधारण हो सके। बैठक में एनजीटी द्वारा निर्धारित रोक अवधि के दौरान बालू के अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


