राज्यस्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता शुरू
रांची में राज्यस्तरीय खेलो झारखंड का आयोजन खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन शशि रंजन और डॉ मधुकांत पाठक ने किया। अंडर-17 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पृथ्वी उरांव, माही कुमारी और दिव्या कुमारी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हॉकी सेमीफाइनल भी खेले गए।

रांची, वरीय संवाददाता। जेईपीसी द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय खेलो झारखंड का शुभारंभ शनिवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में हुआ। मुख्य अतिथि शशि रंजन, राज्य परियोजना निदेशक और जेओए महासचिव डॉ मधुकांत पाठक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन अंडर-17 आयुवर्ग की 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में पृथ्वी उरांव ने प्रथम, माही कुमारी ने द्वितीय तथा दिव्या कुमारी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में अनित उरांव ने प्रथम, श्रवण सिंह ने द्वितीय तथा आकाश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।अंडर-17 हॉकी बालक वर्ग में खूंटी, गुमला, सिमडेगा एवं हजारीबाग की टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने बताया कि अंडर-17 आयुवर्ग के एथलेटिक्स के 1100 एवं हॉकी के 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया।इससे पूर्व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कांके की बैंड टीम की अगुवाई में मार्च पास्ट हुआ। मंच संचालन चन्द्रदेव सिंह ने किया।


