बीन वादन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता दो सितंबर को होगी आयोजित
फरीदाबाद में कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा 2 सितंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय बीन दल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को 75,000, 60,000, और 50,000 रुपये के पुरस्कार मिलेंगे। हरियाणा के मूल निवासी कलाकार इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से राज्य स्तरीय बीन दल प्रतियोगिता का दो सितंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर लोगों से आवेदन मांगे गए हैं। डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक बीन वादन कला को संरक्षण देने के साथ लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 75 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले दल को 60 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त दल को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनके तहत प्रत्येक विजेता दल को 10 हजार रुपये मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकारों के लिए विभाग ने कुछ जरूरी मापदंड निर्धारित किए हैं। प्रतिभागी का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। पहचान एवं निवास के सत्यापन के लिए आधार कार्ड साथ लाना होगा। प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होना जरूरी है, जबकि इनमें 3 से 4 बीन वादकों की सहभागिता अनिवार्य रहेगी। सभी दलों को अपनी प्रस्तुति हरियाणवी लोक परिधान में देनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में शामिल कलाकारों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। प्रतियोगिता के परिणाम निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित किए जाएंगे और मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।


