सरकार ने मस्क के सभी आरोप नकारे
सरकार ने भारत में स्टारलिंक को रोकने के एलन मस्क के आरोपों को निराधार बताया है। दूरसंचार मंत्रालय के अनुसार, सभी उपग्रह संचार कंपनियों पर समान नियामकीय व्यवस्था लागू है और उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। स्टारलिंक, जियो सैटकॉम और यूटेलसैट वनवेब का सुरक्षा आकलन जारी है। सेवाएं शुरू करने के लिए स्पेक्ट्रम आवंटन और सुरक्षा मंजूरी जरूरी है।

नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की ओर से भारत में स्टारलिंक की उपग्रह संचार सेवाओं को रोके जाने के आरोपों पर सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई है। दूरसंचार मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि देश में उपग्रह संचार सेवाओं समेत सभी दूरसंचार सेवाओं के लिए निष्पक्ष और भेदभाव रहित नियामकीय व्यवस्था लागू है। प्रत्येक लाइसेंसधारक के लिए सुरक्षा मानकों का अनुपालन साबित करना अनिवार्य है। मंत्रालय ने कहा कि यह कहना कि नियामकीय व्यवस्था या उसे लागू करने का तरीका अनुचित अथवा भेदभावपूर्ण है, निराधार और गलत धारणा पर आधारित है। सरकार ने स्टारलिंक, जियो सैटकॉम और यूटेलसैट वनवेब को भारत में उपग्रह संचार सेवाएं शुरू करने के लिए लाइसेंस दिए हैं। हालांकि, तीनों कंपनियों को सेवा शुरू करने से पहले स्पेक्ट्रम आवंटन और सुरक्षा मंजूरी हासिल करनी होगी।
उपग्रह सेवाओं के लिए समान नियामकीय प्रक्रिया
सभी कंपनियां एक ही चरण में
दूरसंचार मंत्रालय ने कहा कि लाइसेंस की शर्तों के तहत प्रत्येक उपग्रह संचार कंपनी को सुरक्षा संबंधी शर्तों के अनुपालन को प्रदर्शित करना जरूरी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सेवाएं उपयोगकर्ताओं और उनके आंकड़ों की सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यकताओं को पूरा करती हों। तीनों लाइसेंसधारकों का सुरक्षा आकलन फिलहाल जारी है। मंत्रालय के मुताबिक, सुरक्षा आकलन पूरा होने के बाद संबंधित कंपनी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए आवेदन करने के अगले चरण में जा सकेगी। फिलहाल तीनों कंपनियां मोटे तौर पर नियामकीय प्रक्रिया के एक ही चरण में हैं।
मस्क के आरोपों पर सरकार का जवाब
मस्क ने लगाया था एकाधिकार का आरोप
इससे पहले मस्क ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जवाब में आरोप लगाया था कि कुछ उद्योगपति भारत में अपना एकाधिकार बनाए रखने के लिए स्टारलिंक को रोक रहे हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध बताया था। मस्क ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में स्टारलिंक की सेवा अभी बंद है, इसलिए मणिपुर में उग्रवादियों द्वारा इसके इस्तेमाल का दावा गलत है। उन्होंने कहा कि स्टारलिंक भारत में उन लोगों को तेज और किफायती इंटरनेट उपलब्ध करा सकता है, जो मौजूदा कीमतें वहन नहीं कर सकते या जहां इंटरनेट सेवा उपलब्ध नहीं है।
यूटेलसैट वनवेब भी मंजूरी के इंतजार में
बॉक्स
उपग्रह संचार सेवाओं की मंजूरी का इंतजार : मित्तल
भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने गुरुवार को कहा कि उनकी उपग्रह संचार कंपनी यूटेलसैट वनवेब भी सेवाएं शुरू करने के लिए मंजूरी का इंतजार कर रही है। एलन मस्क के उनकी उपग्रह संचार कंपनी स्टारलिंक को भारत में रोके जाने के आरोपों को खारिज करते हुए मित्तल ने यह बात कही। भारती समूह समर्थित यूटेलसैट वनवेब और जियो सैटकॉम सेवाओं के लिए लाइसेंस पाने वाली पहली दो उपग्रह संचार कंपनियां थीं, लेकिन उन्हें सेवाएं शुरू करने के लिए अब तक स्पेक्ट्रम और सुरक्षा मंजूरी नहीं मिली है। जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

