स्टारलिंक को अनुमति देने से पहले देखें राष्ट्रीय सुरक्षा
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश ने भारत में स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा पहलुओं की जांच की मांग की है। संगठन ने डेटा सुरक्षा, भारतीय गेटवे, सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग और आपात स्थिति में सेवा नियंत्रित करने की क्षमता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही स्वदेशी तकनीक, संचार उपग्रहों और भारतीय स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने की बात कही।

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति देने से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उप महासचिव भूपेंद्र सिंह सोबती ने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता किसी भी विदेशी कंपनी के व्यावसायिक हितों से ऊपर है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट अब केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए डेटा सुरक्षा, भारतीय गेटवे के माध्यम से इंटरनेट ट्रैफिक के संचालन, सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग और आपात स्थिति में सेवा नियंत्रित करने की क्षमता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
भारतीय कानूनों और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर स्पष्ट आश्वासन मिलने के बाद ही अनुमति देने पर विचार होना चाहिए। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि भारत में सस्ती और सुरक्षित इंटरनेट सेवाओं के विस्तार के लिए स्वदेशी तकनीक, संचार उपग्रहों और भारतीय स्टार्टअप को प्रोत्साहित करना चाहिए। इससे ग्रामीण, पहाड़ी, सीमावर्ती और दूरदराज के क्षेत्रों तक इंटरनेट पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि संगठन विदेशी तकनीक या निवेश के खिलाफ नहीं है, लेकिन सभी कंपनियों पर समान नियम लागू होने चाहिए। प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार से स्टारलिंक को व्यावसायिक अनुमति देने से पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तकनीकी आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।


