विश्वविद्यालय की खबर-तृतीय श्रेणी कर्मियों की कमी से जूझ रहा मुंगेर विवि,
मुंगेर विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में नियमित तृतीय श्रेणी कर्मियों की भारी कमी है। वर्तमान में केवल 123 कर्मी ही उपलब्ध हैं। नए कॉलेजों की स्थापना के बावजूद कर्मियों की कमी से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भविष्य में 20 कर्मियों की सेवानिवृत्ति से स्थिति और बिगड़ सकती है।

मुंगेर, एक संवाददाता/रणजीत कुमार ठाकुर। मुंगेर विश्वविद्यालय एवं इसके अधीन कॉलेजों में नियमित तृतीय श्रेणी कर्मियों की भारी कमी से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विश्वविद्यालय सूत्र ने बताया कि, वर्तमान में विश्वविद्यालय और कॉलेजों के लिए महज 123 नियमित तृतीय श्रेणी कर्मी ही उपलब्ध हैं। इनमें से भी 39 कर्मियों को नवस्थापित कॉलेजों में प्रतिनियुक्त किए जाने के बाद पुराने कॉलेजों और विश्वविद्यालय के कार्यालयों में कर्मियों की कमी और अधिक गंभीर हो गई है। वहीं, करीब 20 कर्मियों के जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसी स्थिति में यह समस्या आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।
कर्मियों की कमी का प्रभाव
कर्मियों की कमी का सीधा असर रोजमर्रा के प्रशासनिक कार्यों पर पड़ रहा है। कार्यालयों में संचिकाओं के निष्पादन, पत्राचार, परीक्षा संबंधी कार्य, छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्र एवं अन्य जरूरी कागजी प्रक्रियाओं के लिए सीमित कर्मियों पर ही अतिरिक्त जिम्मेदारियां हैं। इससे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ने के साथ कई कार्यों के समय पर पूरा होने में भी परेशानी हो रही है।
नए कॉलेज खुले, पर कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं
मुंगेर विश्वविद्यालय के गठन के बाद इसके अधीन 17 नए राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए। इन नए कॉलेज खुलने से उच्च शिक्षा के विस्तार की उम्मीद बढ़ी, लेकिन इनके संचालन के लिए आवश्यक तृतीय श्रेणी कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में उपलब्ध कर्मियों को ही अलग-अलग कॉलेजों में प्रतिनियुक्त कर काम चलाया जा रहा है।
बहाली की प्रक्रिया का इंतजार
स्थिति यह है कि, एक ओर नए कॉलेजों में प्रशासनिक ढांचा मजबूत करने की जरूरत है, वहीं दूसरी ओर पुराने कॉलेजों और विश्वविद्यालय मुख्यालय में भी पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में 20 कर्मियों की सेवानिवृत्ति के बाद यह कमी और गहरा सकती है।
विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों का कहना है कि, स्थायी समाधान के लिए नियमित तृतीय श्रेणी कर्मियों की नियुक्ति जरूरी है। लेकिन, यहां सवाल यह है कि, नए कॉलेजों की स्थापना के साथ ही कर्मचारियों की जरूरत का आकलन क्यों नहीं किया गया। अब विश्वविद्यालय और कॉलेजों में काम का बढ़ता बोझ कर्मचारियों की कमी को लगातार उजागर कर रहा है। ऐसे में, नियमित बहाली कब होगी और विश्वविद्यालय को पर्याप्त कर्मी कब मिलेंगे, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
कहते हैं अधिकारी
कर्मियों की नियुक्ति विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार से बाहर है। फिलहाल कर्मियों की कमी को आउटसोर्सिंग से कुछ हद तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। वैसे, विभाग को विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में कर्मियों की स्थिति की जानकारी दी गई है। अब विभाग द्वारा नए कर्मियों की नियुक्ति के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किये जाने का इंतजार है।
-प्रो. घनश्याम राय, कुलसचिव,

