सेंट मेरीज की छात्राओं ने बास्केटबॉल और फुटबॉल में लहराया परचम
नैनीताल के सेंट मेरीज कॉन्वेंट कॉलेज की छात्राओं ने सीआईएससीई की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल में आद्या गोयल, रिद्धिमा साह और तेनजिन रंगडोल को क्षेत्रीय स्तर के लिए चुना गया, जबकि फुटबॉल में अनुष्का नेगी, कृतिका दरम्वाल और कोमल माहरा ने उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रधानाचार्या ने छात्राओं को सराहा।

नैनीताल। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में सेंट मेरीज कॉन्वेंट कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने बास्केटबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग कर विद्यालय का नाम रोशन किया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तहत छात्राओं ने पहले जोनल स्तर पर ऑल सेंट्स कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर आद्या गोयल, रिद्धिमा साह और तेनजिन रंगडोल का क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। क्षेत्रीय प्रतियोगिता देहरादून के सेंट जोसेफ एकेडमी में आयोजित की गई। जोनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रिद्धिमा साह और तेनजिन रंगडोल का सीआईएससीई की राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड टीम में चयन हुआ।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता सेंट जोसेफ स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की गई। वहीं, फुटबॉल प्रतियोगिता में भी सेंट मेरीज की छात्राओं ने क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिभाग किया। देहरादून के होपटाउन में आयोजित प्रतियोगिता में अनुष्का नेगी, कृतिका दरम्वाल और कोमल माहरा का चयन टीम उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर टॉम्सी ने छात्राओं के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। खेल प्रशिक्षक भूपेंद्र रावत के मार्गदर्शन में छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने प्रदर्शन से साबित किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


