सीमा पर 97.8 लीटर नेपाली शराब बरामद, दो तस्कर फरार
अररिया, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ एसएसबी 52वीं वाहिनी ने 97.8 लीटर नेपाली शराब बरामद की। नाका दल को देखकर दो संदिग्ध तस्कर मौके पर शराब छोड़कर भाग गए। शराब की कुल मात्रा 326 बोतल बताई गई है, जिसे बिहार पुलिस को सौंपा गया है। जांच जारी है।

अररिया, एक संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 52वीं वाहिनी के जवानों ने कार्रवाई करते हुए 97.8 लीटर नेपाली शराब बरामद की। हालांकि नाका दल की गतिविधि को देखकर दो संदिग्ध तस्कर शराब छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गए।
एसएसबी की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार सोमवार की तड़के करीब 3:45 बजे कमांडेंट मितुल कुमार के निर्देशन में बाह्य सीमा चौकी डुमरिया और लैलोखर के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में विशेष नाका लगाया था। इसी दौरान बीपी संख्या 170/1 से करीब 500 मीटर पश्चिम और नो मैन्स लैंड से लगभग 50 मीटर भारत की ओर नेपाल की तरफ से दो व्यक्ति सिर पर सामान लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते दिखाई दिए। एसएसबी जवानों की गतिविधि देखते ही दोनों सामान मौके पर छोड़कर वापस नेपाल की ओर भाग गए।
शराब की बरामदगी
एसएसबी जवानों ने मौके पर छोड़े गए सामान की जांच की तो उसमें कुल 326 बोतल नेपाली शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा 97.8 लीटर बताई गई। बरामद शराब को बिहार पुलिस, कुआरी थाना, अररिया के सुपुर्द कर दिया गया है। फरार तस्करों की पहचान और उनके संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक अमन सिंह, सहायक उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, आरक्षी गिरिराज सैनी, आरक्षी भोलेनाथ समेत अन्य एसएसबी जवान शामिल थे।


