भारतीय मुद्रा ले जा रहे नेपाली नागरिक को एसएसबी ने दबोचा
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी क्षेत्र में एसएसबी ने एक नेपाली नागरिक को पकड़ा। उसके पास से 3.50 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह मुद्रा विनिमय का काम करता है। एसएसबी ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बरामद मुद्रा और नागरिक को कस्टम कार्यालय सुपुर्द किया।

बढ़नी(सिद्धार्थनगर)। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी क्षेत्र में एसएसबी की सी समवाय टीम ने गुरुवार को एक नेपाली नागरिक को पकडकर उसके पास से भारतीय मुद्रा तकरीबन 3.50 लाख रुपये बरामद किए। नेपाली नागरिक दोपहर में रामलीला मैदान की ओर से सीमा की तरफ जा रहा था। एसएसबी अफसरों की पूछताछ में उसने अपना नाम गंगा (39) नेपाल के कपिलवस्तु जिले के सिरसिहवा निवासी पाटनदीन का पुत्र बताया। एसएसबी ने तलाशी के दौरान उसके पास से काली पॉलीथिन में 500-500 रुपये के 700 नोट बरामद किए। कुल 3.50 लाख रुपये थे। पूछताछ में उसने बताया कि वह मुद्रा विनिमय का काम करता है और इसके बदले उसे कमीशन मिलता है।एसएसबी
के अनुसार, भारत से नेपाल ले जाने वाली भारतीय मुद्रा की निर्धारित सीमा से अधिक रकम होने पर 3.50 लाख रुपये और नेपाली नागरिक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। मानवाधिकार एवं न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए बरामद भारतीय मुद्रा और नेपाली नागरिक को कस्टम कार्यालय बढ़नी को सुपुर्द कर दिया गया।


