प्रसव व्यवस्था में सुधार के निर्देश, कमियों को दूर करने पर जोर
महराजगंज में एसआरएम टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने प्रसव कक्ष और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की, और कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। यह निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार के उद्देश्य से किया गया था।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। एसआरएम टीम ने तीसरे दिन शनिवार को स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज व्यवस्था का जायजा लिया। व्यवस्था में सुधार करने के साथ ही कमियों को दूर करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
परतावल संवाद के अनुसार स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) टीम के संयुक्त निदेशक अमित सिंह पीसीपीएनडीटी विभाग लखनऊ व गोरखपुर मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जयंत कुमार की टीम ने सीएचसी परतावल, आरोग्य मंदिर बड़हरा बरईपार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवा का निरीक्षण किया। टीम ने लैब, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, एनसीडी, लेबर रूम और ओटी की व्यवसथाओं का जायजा लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवा में प्रसव कक्ष की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
कमियों का सुधार
वहीं बड़हरा बरईपार में प्रसव संबंधी कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को सुधार की हिदायत दी गई। संयुक्त निदेशक ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां और गैप मिलेंगे, उनका चिन्हीकरण कर सुधार कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, डॉ. एमपी सिंह, संजीव सिंह, अमित कुमार, रिपुंजय पाण्डेय, बृजेश, वाजिद, अतुल और राजेश समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
सिसवा और लक्ष्मीपुर का निरीक्षण
सिसवा संवाद के अनुसार एसआरएम टीम के डीईआईसी मैनेजर अनंत कुमार और पीएसडब्ल्यू डॉ. विजय कुमार ने सिसवा सीएचसी से जुड़े 18 आयुष्मान आरोग्य केंद्र, चार पीएचसी और सीएचसी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरचंद विद्यासागर, फार्मासिस्ट शैलेश पांडेय, प्रदीप चौरसिया और सुरेश राय मौजूद रहे। लक्ष्मीपुर संवाद के अनुसार एसआरएम टीम के डिप्टी सीएमओ डॉ. एके अग्रहरि और डॉ. समीर सिंह ने सीएचसी लक्ष्मीपुर के क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र बरगदवा अयोध्या,भगीरथपुर,रामनगर ,लालपुर कल्याणपुर उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को देखा।
टीम का अंतिम निरीक्षण
इस मौके पर लक्ष्मीपुर डॉ. अरूण गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट रामकृष्ण जायसवाल, पीपीएम विज्ञानमय त्रिपाठी और आत्मा प्रसाद मौजूद रहे। एसआरएम टीम के डॉ. अनूप कुमार डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर और डीपीएम राजेश कुमार शर्मा सिद्धार्थनगर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर परासखाड़, बैजनाथपुर और पीएचसी बागापार में इलाज व्यवस्था का जायजा लिया।

