एसआरएम टीम ने मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, सुविधाओं की ली जानकारी
देवरिया में लखनऊ से आई एसआरएम टीम ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कमियों की रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।

देवरिया, निज संवाददाता। लखनऊ से आई एसआरएम टीम ने शनिवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम ने उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों आदि का जायजा लिया। टीम ने ट्रामा सेंटर, पीआईसीयू, वार्ड सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर हाल जाना। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी ली गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य लखनऊ के जेडी डॉ. मुकेश मातनहिलिया और संजय कुमार शनिवार को सुबह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इसके बाद सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत पाल के साथ निकले। टीम ट्रामा सेंटर स्थित इमरजेंसी पहुंची, यहां ट्राइएज एरिया, माइनर ओटी तथा वार्ड का निरीक्षण किया।
साथ ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों से जानकारी ली, वहीं संसाधनों को देखा और मरीजों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। टीम ने पीआईसीयू में उपलब्ध संसाधनों, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता आदि का जायजा लिया। टीम नए भवन के सेकेंड फ्लोर पर स्थित मेल मेडिकल वार्ड पहुंची, जहां सफाई व्यवस्था तथा उपकरणों, मानव संसाधन और मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। टीम निरीक्षण में सामने आए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। इसमें निरीक्षण में समय मिलीं कमियों, व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को रिपोर्ट में दर्ज करेगी। रिपोर्ट के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ट्रामा के विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज, अशोक राय, एचएन वर्मा आदि मौजूद रहे।


