श्रावस्ती जा रही श्रीलंकाई महिला दर्शनार्थी की बस में मौत
बलरामपुर में एक 56 वर्षीय श्रीलंकाई महिला की धार्मिक यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। लुंबिनी से श्रावस्ती जाते समय सीने में दर्द से परेशान होकर महिला की मृत्यु हो गई। स्वास्थ्यकर्मी ने लगातार प्रयास किए, लेकिन महिला की हालत नहीं संभल पाई। शव का पोस्टमार्टम किया गया है, मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बलरामपुर, संवाददाता। धार्मिक यात्रा पर भारत आई श्रीलंका की 56 वर्षीय महिला दर्शनार्थी की शनिवार को लुंबिनी से श्रावस्ती जाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जाता है कि 46 विदेशी यात्रियों के दल के साथ टूरिस्ट बस में सफर कर रही महिला के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। सहयात्रियों ने तत्काल उसे संभाला। दल में शामिल एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ने प्राथमिक उपचार के साथ सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। टूरिस्ट बस चालक मुकेश ने बताया कि 46 यात्रियों का दल भोपाल से धार्मिक यात्रा पर निकला था।
दल ने सांची, कौशांबी, वाराणसी, गया, कुशीनगर और वैशाली सहित प्रमुख बौद्ध स्थलों का भ्रमण किया। इसके बाद सभी यात्री नेपाल के लुंबिनी पहुंचे थे। शनिवार सुबह दल लुंबिनी से श्रावस्ती के लिए रवाना हुआ था। श्रावस्ती से कुछ किलोमीटर पहले महिला के सीने में तेज दर्द उठा और उसकी हालत बिगड़ गई। स्वास्थ्यकर्मी ने तत्काल सीपीआर सहित अन्य प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। महिला की हालत बिगड़ती देख चालक ने बस को बलरामपुर की ओर मोड़ दिया और उसे जिला मेमोरियल चिकित्सालय की इमरजेंसी में पहुंचाया। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. अल्ताफ ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 56 वर्षीय कहापोला अदा रैचिगे पत्नी तुसारी इनौका निवासी कालूबौला श्रीलंका के रूप में हुई है। वहीं दूसरी ओर सहयात्रियों ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा अभी करीब छह दिन और चलनी थी। 22 अगस्त को दल को दिल्ली से श्रीलंका के लिए रवाना होना था। साथी महिला की अचानक मौत से पूरे दल में शोक छा गया। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

