खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता को किया गया सम्मानित
धालभूमगढ़ प्रखंड के गंगा नारायण देव इंटर महाविद्यालय में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बारिश के कारण दो दिन की देरी के बाद पुरस्कार वितरण किया गया। मुखिया बिलासी सिंह ने छात्रों को खेलों में भाग लेने और करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। विजेताओं को मेडल और पुस्तकें दी गईं।

धालभूमगढ़। धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित गंगा नारायण देव इंटर महाविद्यालय के प्रांगण में मेजर ध्यानचंद की जयंती स्मृति के अवसर पर महाविद्यालय के छात्राओं तथा शिक्षकों के बीच हुई खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं के बीच बुधवार को पुरस्कार का वितरण किया गया। बारिश की वजह से दो दिन के विलंब के बाद बुधवार को कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ के मुखिया बिलासी सिंह ने बच्चों के बीच पारितोषिक का वितरण किया। कार्यक्रम का श्री गणेश दीप प्रज्वलन एवं मेजर ध्यानचंद की चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विजेताओं को मेडल तथा सामान्य ज्ञान की पुस्तक एवं शब्दकोष भंडार पुस्तक देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मौके पर मुखिया बिलासी सिंह ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल कूद में भी हिस्सा लेकर अपना करियर बनाएं। खेलकूद से शरीर और मन स्वस्थ रहता है तथा जीवन में अनुशासन आती है। विद्यालय की ओर से विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया था। जिसमें बैडमिंटन, फुटबॉल, दौड़, निबंध प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर तथा हाई जंप आदि कई खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। विजेताओं को मुखिया बिलासी सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुजीत कुमार उपाध्याय ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।


