मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण टाइफाइड और निमोनिया का रूप ले रहा वायरल फीवर
इस समय मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है, जो टाइफाइड का रूप ले रहा है। इससे अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार बारिश और तापमान में परिवर्तन के कारण बीमारियों में वृद्धि हो रही है, जिससे बच्चों समेत कई लोग प्रभावित हो रहे हैं।

इस समय मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल फीवर का प्रकोप काफी तेजी से फैल रहा है,जो टाइफाइड का रूप ले रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में वायरल फीवर से ग्रसित लोग टाइफाइड के मरीज बन रहे हैं। जिसके कारण सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की काफी भीड़ उमड़ रही है।
वायरल फीवर का प्रकोप
रविवार को तो यहां सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में वायरल फीवर से बढ़कर टाइफाइड का रूप लेने वाले मरीजों की भीड़ अधिक रही। डॉक्टरों द्वारा बताया गया कि इस समय तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल फीवर तेजी से टाइफाइड का रूप ले रहा है। शहर से लेकर देहात इलाके में इससे लोग ग्रसित हो रहे हैं। बारिश के कारण कहीं जल जमाव तो कहीं कादो कीचड़, कहीं गंदगी तो कहीं कचरे की सरांध के कारण बीमारियां तेजी से पांव पसार रही है।
डॉक्टरों की सलाह
पूछने पर डॉ महेश चौधरी, डॉ केसी विद्यार्थी, डूसूरविंद कुमार सिंह, डॉ वी दयाल सिंह आदि ने बताया कि बरसात को लेकर तापमान में उतार-चढ़ाव, मौसम में नमी, आद्रता को लेकर वायरल और बैक्टीरियल फीवर बढ़ रहे हैं,जो टाइफाइड का रूप ले रहा है। ऐसे मरीजों को हल्के दवाओं का कोई असर नहीं होता है। उन्हें गहन इलाज की जरूरत पड़ रही है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अरुण कुमार व डॉ संजीव कुमार ने बताया कि इस मौसम में छोटे-छोटे बच्चे भी वायरल फीवर के चपेट में आ रहे हैं। वायरल फीवर एक दूसरे के संपर्क में आने से होता है। इसके साथ ही सर्दी, खांसी, निमोनिया भी तेजी से पांव पसार रहा है।
अस्पताल में सुविधाएं
अस्पताल द्वारा इस मौसम में पानी उबालकर पीने, खान-पान पर विशेष ध्यान देने के साथ बीमार लोगों को डॉक्टर से सलाह पर ही दवा लेने की नसीहत दी गई है। इधर अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी डॉ मनोरंजन कुमार सिंह और पीएचसी के प्रभारी डॉ अभिषेक कुमार ने बताया कि अस्पताल में मौसमी मरीजों के लिए सारी दवाइयां उपलब्ध है। -नवनीत कुमार


