आस्था सिंह भाषण प्रतियोगिता में रही अव्वल
जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद के भाषण पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। 61 विद्यार्थियों ने अपनी बातों से भारतीय संस्कृति, सहिष्णुता और मानवता के संदेश को प्रस्तुत किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें आस्था सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की प्रासंगिकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता गुरुवार को उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान में आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों से 61 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के उपरांत शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में सम्मान एवं समापन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के 11 सितंबर 1893 के ऐतिहासिक भाषण की प्रासंगिकता एवं भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा, धार्मिक सहिष्णुता, विश्वबंधुत्व तथा मानवता के संदेश पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने वर्तमान समय में स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पर सामाजिक समरसता, सहिष्णुता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता में एच आर डी विभाग की छात्रा आस्था सिंह ने अधिकतम अंक प्राप्त करके प्रथम, वैशाली राय ने द्वितीय तथा अमृता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में आयोजित सम्मान समारोह में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने की। कार्यक्रम संयोजक विभागाध्यक्ष एचआरडी विभाग डॉ. रसिकेश सहित अन्य मौजूद थे।


