अररिया: भारतीय स्वतंत्रता दिवस की नेपाल में भी धमक, पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित
नेपाल-भारत मैत्री संघ ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विराटनगर में एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। छात्र-छात्राओं ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण एवं हवन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने भारत-नेपाल के संबंधों की महत्ता को रेखांकित किया।

अररिया से फुलेंद्र की खबर जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि । भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नेपाल-भारत मैत्री संघ, मोरंग विराटनगर द्वारा विराटनगर वार्ड 14 जातूवा स्थित गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में भारत-नेपाल के बीच मित्रता और सम्बन्ध प्रगाढ़ता एवं आपसी संबंधों पर आधारित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों पर अपने विचार व्यक्त किए। बच्चों के शानदार भाषण ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इससे
पूर्व कार्यक्रम के दौरान हवन एवं पूजा-अर्चना भी आयोजित की गई। हवन के पश्चात भाषण प्रतियोगिता संपन्न हुई। कार्यक्रम में मौजूद विराटनगर के प्रबुद्ध नागरिक सुरेश शर्मा , नंदकिशोर राठी , शंकरलाल अग्रवाल , अनिल साह , अभिषेक तोदी, इंद्रा रिजाल , अश्वनी वंशल आदि वक्ताओं ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध दोनों देशों की मित्रता की सबसे मजबूत पहचानहैं।


