सीयूजे में विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध साझा किए विचार
रांची में केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के जनसंचार विभाग ने सीसीएल की मदद से भाषण और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता और ईमानदारी की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए गए।

रांची, विशेष संवाददाता। केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के जनसंचार विभाग की ओर से सीसीएल की मदद से मंगलवार को भाषण व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता हुई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरुकता, ईमानदारी और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में सीसीएल की नोडल अधिकारी खुशबू लता, सीनियर मैनेजर (एचआर) संतोष कुमार और डॉ शिल्पी झा आदि उपस्थित थे। विभागाध्यक्ष प्रो देवव्रत सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की सोच को सही दिशा देती हैं और उन्हें समाज की कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम समन्वयक डॉ रश्मि वर्मा ने कहा कि युवा ही समाज में बदलाव के सबसे बड़े संवाहक हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाकर वे एक पारदर्शी और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। डॉ अमरेंद्र सिंह ने कहा कि ईमानदारी कोई बाहरी नियम नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों का हिस्सा होनी चाहिए, तभी एक स्वस्थ समाज की नींव रखी जा सकती है। सीनियर मैनेजर (एचआर) संतोष कुमार ने सतर्कता की उपयोगिता पर कहा कि सतर्कता सिर्फ नियमों का पालन करना नहीं है, बल्कि यह किसी भी संस्थान और समाज को पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाए रखने का सबसे मजबूत स्तंभ है।स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में निशांत कुमार ने प्रथम, आदित्य अलख ने द्वितीय और आकांक्षा सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में अतुल प्रकाश प्रथम, अर्चना कुमारी द्वितीय और आरोही सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। अनन्या झा व रिया कुमारी को सांत्वना पुरस्कार मिला। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

