दिवाली-छठ पर मुरादाबाद होकर चलेंगी 40 स्पेशल ट्रेनें
मुरादाबाद में दिवाली और छठ पूजा के लिए यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाने का निर्णय लिया है। 40 से अधिक स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई गई है, जो विभिन्न मार्गों पर चलेंगी। यात्रियों से समय की जांच करने की अपील की गई है।

मुरादाबाद। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ा दिया है। मुरादाबाद होकर करीब 40 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। इनमें बिहार, पूर्वांचल, पंजाब, जम्मू और दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। मुरादाबाद से बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों में पहले से ही सीटों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे की ओर से यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का समय एनटीईएस या 139 पर जांचने की अपील की गई है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि कई ट्रेनों का संचालन अक्टूबर से नवंबर के अंत तक अलग-अलग दिनों में होगा.
मुरादाबाद होकर चलने वाली प्रमुख स्पेशल ट्रेनें
चंडीगढ़-पटना स्पेशल (04512/04511)
एक अक्तूबर से 27 नवंबर तक दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे। चंडीगढ़ से पटना जाते समय ट्रेन मुरादाबाद में सुबह करीब 5:33 बजे पहुंचेगी और 5:43 बजे रवाना होगी.
फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल (04616/04615)
छह अक्तूबर से 25 नवंबर तक आठ फेरे। फिरोजपुर से पटना जाते समय मुरादाबाद में रात करीब 10:45 बजे आगमन और 10:55 बजे प्रस्थान होगा.
वाराणसी-दिल्ली स्पेशल (04209/04210)
दो अक्तूबर से 28 नवंबर तक संचालन। वाराणसी से दिल्ली जाते समय मुरादाबाद में सुबह 9:19 बजे पहुंचेगी और 9:27 बजे रवाना होगी। वापसी में रात 10:40 बजे आगमन और 10:50 बजे प्रस्थान होगा.
अयोध्या कैंट-आनंद विहार स्पेशल (04213/04214)
एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में दो दिन। अयोध्या से आनंद विहार जाते समय मुरादाबाद में रात 2:40 बजे और वापसी में सुबह 11:35 बजे पहुंचेगी.
वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल (04227/04228)
एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक 18 फेरे। वाराणसी से चंडीगढ़ जाते समय मुरादाबाद में रात करीब 10:50 बजे पहुंचेगी और 11 बजे रवाना होगी। इसके अलावा आनंद विहार-जोगबनी (04008/04007), आनंद विहार-मुजफ्फरपुर (04028/04027) और दिल्ली-सीतामढ़ी वाया गोरखपुर (04010/04009) स्पेशल ट्रेनें भी मुरादाबाद होकर संचालित होंगी.

