दुर्गापूजा-दीपावली-छठ पर ईस्टर्न रेलवे की बड़ी तैयारी, 364 फेरे लगाएंगी 37 स्पेशल ट्रेनें
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए ट्रेन यात्रा बढ़ने को देखते हुए पूर्व रेलवे ने 15 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक 37 स्पेशल ट्रेनों के 364 फेरे चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। यात्रियों की सुविधा हेतु विभिन्न रूटों पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। (इम्तेयाज आलम)। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे कोलकाता और ईस्टर्न रेलवे हाजीपुर ने तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व रेलवे की ओर से 15 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग दिशाओं में कुल 37 स्पेशल ट्रेनों के 364 फेरे चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इन ट्रेनों के जरिए त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा देने के साथ ट्रेनों में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने की योजना है। पूर्व रेलवे के चीफ पैसेंजर ट्रांसपोर्ट मैनेजर आनंद बर्धान ने कार्यालय से जारी प्रस्ताव में विभिन्न रूटों के लिए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन तय अवधि में करने की योजना बनाई गई है। यह जानकारी पूर्व रेलवे कोलकाता के प्रिंसीपल चीफ कॉमर्शियल मैनेजर (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने दी है।
विशेष ट्रेनों की आवश्यकता
उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान विशेषकर दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के आसपास बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव पर संबंधित मंडलों से परिचालन की व्यवहारिकता और अन्य सुझाव मांगे गए हैं। अंतिम स्वीकृति और परिचालन कार्यक्रम जारी होने के बाद ट्रेनों की बुकिंग तथा ठहराव की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पूजा स्पेशल ट्रेनें
इन रूटों के लिए चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें: प्रस्ताव के अनुसार कोलकाता क्षेत्र से पटना, रक्सौल, जयनगर, गोरखपुर, लखनऊ, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, न्यू जलपाईगुड़ी, डिब्रूगढ़, पुरी, दीघा समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है। वहीं मालदा टाउन और आसनसोल से भी देश के विभिन्न हिस्सों के लिए पूजा स्पेशल चलाने का प्रस्ताव है। कुछ ट्रेनें साप्ताहिक, जबकि कई ट्रेनें द्वि-साप्ताहिक और अन्य निर्धारित दिनों में चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के अनुसार एलएचबी और आईसीएफ रेक वाली ट्रेनों का प्रावधान किया गया है। इनमें द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित, स्लीपर, सामान्य श्रेणी और अन्य निर्धारित कोच शामिल होंगे। कई ट्रेनों का परिचालन गया, पटना, जसीडीह, भागलपुर, आसनसोल और अन्य प्रमुख मार्गों से करने का प्रस्ताव है। हालांकि जमालपुर, मुंगेर, भागलपुर की अधिकांशत: लंबी दूरी की ट्रेनों में अभी से ही रिग्रेट की स्थिति बनी है। लेकिन पूजा स्पेशल ट्रेनें मिलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेंगी।
अतिरिक्त रैक की तैयारी
अचानक भीड़ के लिए दो अतिरिक्त रैक तैयार रखने का निर्देश: पूर्व रेलवे ने सामान्य स्पेशल ट्रेनों के अलावा अचानक यात्रियों की भीड़ बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए दो मानक आईसीएफ रेक भी तैयार रखने को कहा है। प्रत्येक रेक में 22 कोच होंगे, जिसमें 20 जीएस और दो एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन रेकों से कम समय के नोटिस पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाकर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा।
ईसीआर की घोषणा
दुर्गापूजा-दिवाली-छठ पर ईसीआर भी चलाएगा 10 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें: ईस्ट सेंट्रल रेलवे, हाजीपुर भी 10 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। सीपीआरओ सरस्वती चंद्रा ने बताया कि इन ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित कोच की सुविधा रहेगी। टिकट बुकिंग की तारीख जल्द घोषित होगी। हावड़ा-रक्सौल 03041/03042 और 03043/03044 सात-सात फेरे चलेंगी। इनका ठहराव बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर व जसीडीह में होगा। सियालदह-पटना 03135/03136 प्रत्येक मंगलवार 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी। सियालदह-सीतामढ़ी 03133/03134 शुक्रवार तथा सियालदह-गोरखपुर 03131/03132 मंगलवार व गुरुवार को चलेगी।वहीं कोलकाता-मधुबनी 03185/03186 व 03187/03188 सात-सात फेरे चलेंगी। आसनसोल-पटना 03511/03512, आसनसोल-गोरखपुर 03527/0352 शामिल है।


